उत्तर प्रदेश के बिसरख थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के पुलिस ने मुठभेड़ के बाद तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस उपयुक्त (जोन द्वितीय) शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि पुलिस ने तड़के एक जांच चौकी लगाई थी और वाहनों की जांच की जा रही थी। तभी एक बाइक पर तीन संदिग्ध बदमाश आते हुए दिखे।
पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाश बाइक मोड़कर भागने लगे। इसके बाद पुलिस ने पीछा कर उन्हें घेर लिया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से मोनू यादव नामक बदमाश के पैर में चोट लगी। मोनू हापुड़ के बाबूगढ़ का निवासी है।
इस मुठभेड़ के बाद मोनू के दो साथी भागने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें भी पकड़ लिया। पकड़े गए अन्य दो बदमाशों की पहचान मुकेश (चिपियाना का निवासी) और पवन (गाजियाबाद के लाल कुआं का निवासी) के रूप में हुई है।
पुलिस ने उनके पास से एक देसी तमंचा, कारतूस, और चोरी की 10 बाइक बरामद की हैं। पूछताछ के दौरान बदमाशों ने वाहन चोरी की कई घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है, और उनके खिलाफ एनसीआर क्षेत्र के विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं।