अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में गीता जयंती के अवसर पर बुधवार को कुरुक्षेत्र के थीम पार्क में वैश्विक गीता पाठ का आयोजन होगा, जिसमें 18 हजार बच्चे एक स्थान पर बैठकर गीता के मंत्रों का उच्चारण करेंगे. वहीं इस कार्यक्रम में पूरे विश्व भर में डेढ़ करोड़ लोग ऑनलाइन माध्यम से जुड़ेंगे.
मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने जानकारी देते हुए बताया कि बांग्लादेश में हिन्दुओं की रक्षा और मंदिरों की सुरक्षा के लिए अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का वैश्विक गीता पाठ पूरी तरह से समर्पित रहेगा. इस अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में 11 दिसम्बर को सुबह 11 बजे थीम पार्क में एक मिनट के लिए एक साथ गीता पाठ का आयोजन होगा. इस गीता पाठ में पवित्र ग्रंथ गीता के पहले श्लोक, मध्यस्त और अंतिम श्लोक का उच्चारण किया जाएगा. इस वैश्विक गीता पाठ के साथ हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश के साथ – साथ देश के अन्य राज्यों व विदेशों सहित लगभग 1 करोड़ 50 लाख लोग ऑनलाइन जुड़ेंगे. ये वैश्विक गीता पाठ निश्चित ही अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के अध्याय में एक नया इतिहास जोड़ेगा.
उन्होंने कहा कि इस वर्ष वैश्विक गीता पाठ का नाम ‘एक मिनट एक साथ गीता पाठ’ रखा गया है. गीता पाठ के श्लोकोच्चारण पूर्णत: बांग्लादेश में हिन्दुओं की रक्षा और मंदिरों की सुरक्षा को समर्पित होंगे. थीम पार्क में विभिन्न स्कूलों के 18 हजार विद्यार्थी भी मौके पर जुड़ेंगे. इस वैश्विक गीता पाठ को लेकर प्रशासन और आयोजक जीओ गीता संस्थान की तरफ से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है. वैश्विक गीता पाठ में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, तंजानिया की मंत्री पिंडी हजारा चत्रा शिरकत करेंगे.
इस बीच केडीबी के मानद सचिव उपेन्द्र सिंघल ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 11 दिसंबर को गीता जयंती के पावन पर्व पर अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव पर विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 11 दिसंबर बुधवार को थीम पार्क में सुबह 10.30 बजे वैश्विक गीता पाठ, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम हॉल में करीब 2 बजे 48 कोस तीर्थ सम्मेलन, करीब 3 बजे कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सीनेट हॉल में विदेश निगम विभाग हरियाणा की तरफ से आयोजित कार्यक्रम में पहुंचेंगे. मुख्यमंत्री सायं 5 बजे सनहित सरोवर पर दीपोत्सव कार्यक्रम, 5.30 बजे पुरुषोत्तमपुरा बाग में दीपदान और महाआरती कार्यक्रम, 6.30 बजे पुरुषोत्तमपुरा बाग में प्रसिद्ध कलाकार मीनाक्षी शेषाद्री द्वारा कृष्ण लीला डांस ड्रामा सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारम्भ करेंगे. इसके अलावा नायब सिंह सैनी गीता ज्योतिसर में भी शिरकत कर सकते हैं.