खाटूश्यामजी मेले में श्रद्धा का सैलाब, आज सवा सौ किलो चांदी के रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण करेंगे खाटू नरेश

खाटू श्यामजी का फाल्गुन लक्खी मेला सोमवार को पूरे भक्तिभाव के साथ जारी है. यह मेला 11 मार्च तक चलेगा, जबकि मुख्य आयोजन आज 10 मार्च (एकादशी) को हो रहा है. आज बाबा श्याम 125 किलो चांदी के रथ पर नगर भ्रमण करेंगे और भक्तों को दर्शन देंगे. इस दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, हरियाणा समेत विभिन्न राज्यों से बाबा के दर्शन को पहुंचे हैं. इसके पहले रविवार को 5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए. फिलहाल बाबा के फाल्गुनी लक्खी मेले में खाटू नगरी चारों ओर से आ रही पदयात्राओं की संगम स्थली बनी हुई है. फाल्गुनी मेले के दौरान खाटू की हर गली बाबा श्याम के रंग में रंगे भक्तों से अटी पड़ी है. हर कोई श्याम की दीवानगी में झूमता नाचता दरबार की ओर चला आ रहा है. रोजाना हाथों में श्याम का निशान और मन में आस्था लिए भक्त बाबा की एक झलक पाने को मंदिर पहुंच रहे हैं.

फाल्गुन शुक्ल एकादशी के दिन श्याम दातार नगर भ्रमण के लिए निकलेंगे. जीपनुमा दो घोड़ों वाले रथ पर चांदी से बने गर्भ गृह में सवार होकर बाबा श्याम की सवारी सुबह मंदिर परिसर से गाजे-बाजे के साथ रवाना होगी. श्री श्याम मंदिर कमेटी के मंत्री पृथ्वी सिंह चौहान ने बताया कि मंदिर से सवारी मुख्य बाजार, महिला श्याम कुण्ड, शनि मंदिर होते हुए अस्पताल चौराहे से होकर कबुतरियां चौक पर पहुंचेगी.

चांदी के रथ पर सवार होकर निकलेंगे बाबा श्याम

बाबा श्याम का रथ 125 किलो चांदी से बीकानेर के नोखा में बना है. नोखा के सिल्वर वर्क्स के रामगोपाल चांडक और सुनील राहड़ ने बताया कि 8 मजदूरों ने रोजाना काम करके इसे एक महीने में तैयार किया. उन्होंने बताया कि इसके दानदाता का नाम गुप्त रखा गया है. यह विशेष रथ बाबा श्याम की सवारी के लिए बनाया गया है, जो उनके भक्तों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा. रथ नोखा से 7 मार्च को रवाना होकर 8 मार्च को खाटू श्याम पहुंच चुका है. रथ को धक्का नहीं लगाना पड़े, इसके लिए जीप की बॉडी पर इसे तैयार किया गया है.

श्रद्धालु बाबा श्याम को केसरिया, सफेद, सुनहरा, लाल, पीला, नीला, आसमानी, हरा और गुलाबी सहित 11 अलग-अलग रंगों के निशान अर्पित कर रहे हैं. भक्त खुद भी श्याम प्रेम में रंगे नजर आ रहे हैं. सिर पर श्याम लिखा दुपट्टा और साफा बांधे श्रद्धालु भजन-कीर्तन में लीन हैं. श्याम प्रेम में डूबे भक्तों को अपनी भूख-प्यास की भी सुध नहीं है. पूरा दिन बाबा के दर्शन और भजनों में लीन श्रद्धालु खुशी से झूम रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *