देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार, 11 मार्च को दो दिनों के दौरे पर चंडीगढ़ पहुंचेगी. उनके आगमन पर चंडीगढ़ टेक्निकल एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया जाएगा. इस मौके पर पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ प्रशासक गुलाबचंद कटारिया, हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मौजूद रहेंगे. राष्ट्रपति के स्वागत के लिए शहर को सजाया गया है और सड़कों पर सुंदरीकरण के साथ-साथ स्वागत बैनर लगाए गए हैं.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार, 12 मार्च को पंजाब यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी. इस समारोह के दौरान वे कई प्रतिष्ठित व्यक्तियों को सम्मानित करेंगी. यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है, जिसमें छात्र-छात्राओं को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए डिग्रियां प्रदान की जाएंगी. राष्ट्रपति का यह दौरा युवाओं के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है.
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर चंडीगढ़ प्रशासन पिछले एक सप्ताह से तैयारियों में जुटा हुआ है. यूटी के वित्त सचिव दीप्रवा लाकड़ा की अध्यक्षता में एक समन्वय बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिला प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया. बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, प्रोटोकॉल और आपातकालीन योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई. प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया है कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान शहरवासियों को किसी भी तरह की असुविधा न हो.