पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले नीरज उधवानी को सीएम भजनलाल ने श्रद्धांजलि दी.

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में जान गंवाने वाले जयपुर के सीए नीरज उधवानी की पार्थिव देह बुधवार रात जयपुर लाया गया. नीरज उधवानी के पार्थिव देह को श्रद्धांजलि देने के लिए गुरुवार सुबह राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, मुख्यमंत्री भजनलाल, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, पूर्व सीएम अशोक गहलोत, डिप्टी सीएम दीया कुमारी, प्रेमचंद बैरवा सहित कई भाजपा और कांग्रेस नेता जयपुर मालवीय नगर माडल टाउन निजी आवास पहुंचे. इस दौरान सभी नेताओ ने आतंकियों की इस कायराना हरकत निंदा की. इस दौरान सीएम भजनलाल ने कहा कि एक-एक खून के कतरे का हिसाब लिया जाएगा.

नीरज उधवानी को श्रद्धांजलि देने के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह घटना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है. यह जिस तरह की कायराना हरकत की है, प्रदेश और देश की जनता आक्रोशित है. जनभावनाओं के अनुरूप आतंकियों को सजा मिलेगी. आतंकी घटना पर पूरा देश निंदा कर रहा है. लोगों के मन में दुख है, लेकिन कठोर कदम उठाए जाएंगे. एक-एक खून के कतरे का हिसाब लिया जाएगा.

उन्होंने कहा कि दो दिन से पूरे देश में इस कायराना घटना को लेकर गुस्सा है. जिस तरह से यह घटना हुई है, कठोर निर्णय देने की आवश्यकता है. इन परिवारों के साथ पूरी तरह से हमारे देश की जनता खड़ी है. राजस्थान के जनता खड़ी है. हमारी पूरी तरह से राज्य की सरकार उनके साथ खड़ी है. सीएम ने कहा कि पहलगाम में हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले के बाद हमारी सरकार जम्मू-कश्मीर में मौजूद राजस्थान के पर्यटकों की सुरक्षित वापसी के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. राजस्थान सरकार जम्मू-कश्मीर प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है और सभी आवश्यक कदम उठा रही है, ताकि राजस्थानी पर्यटकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जा सके.

पहलगाम के आतंकी हमले में जान गंवाने वाले जयपुर के मालवीय नगर स्थित मॉडल टाउन निवासी नीरज उधवानी के अंतिम संस्कार में कांग्रेस नेता भी शामिल हुए. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, विधायक रफीक खान सहित कई अन्य नेता मृतक के घर पहुंचे और श्रद्धांजलि अर्पित की. साथ ही परिजनों को सांत्वना दी. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरी प्रदेश कांग्रेस परिवार के साथ खड़ी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *