सिरसा में सीएम ने साइक्लोथॉन को दिखाई हरी झंडी, बोले- ‘नशे के खिलाफ काम शुरू, विजेता को दिया जाएगा इनाम

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सिरसा के भक्तसिंह स्टेडियम से साइक्लोथॉन 2.0 को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. उन्होंने इस दौरान लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया. यात्रा में लोग अपनी-अपनी साइकिल लेकर पहुंचे. साइक्लोथॉन यात्रा में स्टूडेंट्स, कर्मचारी और आमजन समेत कई लोग शामिल हुए. सीएम के साथ बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और बीजेपी नेता गोबिंद कांडा भी मौजूद रहे.

इस दौरान सीएम सैनी ने कहा कि इसमें स्टेट में प्रथम आने वाले विजेता को 51 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा. जबकि दूसरा स्थान हासिल करने वाले विजेता को 31 लाख रुपये का इनाम सरकार की ओर से दिया जाएगा. सीएम ने कहा कि 6 राज्यों का एक ग्रुप बनाया गया है और इसका मुख्यालय पंचकूला में बनाया गया है. हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, उत्तर प्रदेश समेत 6 राज्यों का ग्रुप बनाकर एक मुहिम चलाई है. नशे के खिलाफ तेज गति से काम किया जा रहा है.

वहीं, सीएम ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि नशा मानव के लिए अभिशाप है. उन्होंने कहा कि थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में गांव-गांव जाकर मुस्तैदी से काम करेंगे. यह नशा मानवता के खिलाफ अपराध है. नशे को मिलजुलकर जड़ से खत्म किया जा सकता है. साथ ही सीएम ने उन सरपंचों को बधाई दी है, जिन्होंने संकल्प लेकर अपने गांव को नशा मुक्त किया है.

बता दें कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सिरसा में शहीद के घर भी पहुंचे थे. झोपड़ा में शहीद सूबेदार बदलदेव सिंह के घर पहुंचकर सीएम सैनी ने शोक प्रकट किया और परिजनों को सांत्वना दी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *