उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उत्तर प्रदेश के दौरे पर हैं. सीएम वाराणसी में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 25वीं बैठक में भाग लेने गए हैं. आज हो रही इस बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कर रहे हैं. सीएम धामी ने अमित शाह से मुलाकात की. बैठक से पहले सीएम धामी ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी भेंट की.
सीएम धामी वाराणसी में बाबा विश्वनाथ मंदिर के दर्शन करने भी गए. उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर बाबा विश्वनाथ मंदिर में पूजा करते हुए वीडियो भी पोस्ट किया है. इससे पहले वो केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिले. सीएम धामी ने उन्हें हरिद्वार में होने जा रही आगामी कांवड़ यात्रा के संबंध में की जा रही तैयारियों से अवगत कराया.
सीएम धामी ने बीजेपी के फायर ब्रांड नेता और देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की. सीएम धामी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा कि मध्य क्षेत्रीय परिषद की 25वीं बैठक की पूर्व संध्या पर ज्ञान एवं अध्यात्म की पावन धरा वाराणसी में उत्तर प्रदेश के आदरणीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट हुई.
इस अवसर पर उन्हें पवित्र चारधाम का प्रसाद भेंट किया. इस मुलाकात के दौरान यूपी बीजेपी के अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, अन्य मंत्री और पार्टी संगठन के पदाधिकारी मौजूद थे. इसके साथ ही सीएम धामी ने वाराणसी में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय से भी मुलाकात की. सीएम ने कहा कि दोनों मुख्यमंत्रियों से विभिन्न समसामयिक विषयों पर सारगर्भित चर्चा के साथ ही उन्हें देवभूमि उत्तराखण्ड के चारों धामों का पवित्र प्रसाद भेंट किया.