उत्तर प्रदेश: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में देशवासियों से ‘स्वदेशी का संकल्प’ लेने और ‘मेक इन इंडिया’ उत्पादों को अपनाने की अपील की थी. ठीक उसी तर्ज पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ब्लैकमेल का जवाब देने के लिए जरूरी है, हम स्वदेशी अपनाएं और अपनी ताकत का एहसास कराएं. इसके साथ ही उन्होंने प्रत्येक कार्यकर्ता को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जोड़ने की अपील की है.
भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक बैठक रविवार को राजधानी लखनऊ में स्थित इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान में संपन्न हुई. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, हर घर तिरंगा अभियान के राष्ट्रीय सहसंयोजक ऋतुराज सिन्हा, राष्ट्रीय संयोजक चुनाव संपर्क विभाग के ओम पाठक की मौजूदगी में बैठक हुई. बैठक में पार्टी की ओर से चलाए जाने वाले अभियान सहित अन्य संगठनात्मक विषयों पर विस्तार पूर्वक चर्चा हुई. बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला ने किया.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक बैठक को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल झंडा फहराने का आयोजन नहीं, बल्कि जन-जन में राष्ट्रभक्ति की भावना को जागृत करने का जनआंदोलन है. यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में लगातार चौथी बार शुरू हुआ है और इसने राष्ट्र चेतना को सशक्त अभिव्यक्ति दी है. सीएम ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान और हर हाथ में स्वदेशी उत्पाद का मंत्र, आत्मनिर्भर भारत की भावना को जमीन पर उतारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से राष्ट्रभक्ति की एक सशक्त जन-अभिव्यक्ति बन चुका है. हर घर तिरंगा अभियान प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्र के प्रति गौरव, आस्था और उत्तरदायित्व की भावना को जागृत करने का अभियान है. उन्होंने कहा कि जब भाजपा सरकार जनकल्याण के लिए दिन-रात काम कर रही है, तब विपक्ष केवल झूठ और नकारात्मकता फैलाने में जुटा है. उन्होंने कहा कि प्रदेश की जागरूक जनता हर बार उन्हें नकार चुकी है और आज तिरंगे के साथ खड़े होकर नए भारत और नए उत्तर प्रदेश के निर्माण में भागीदार बन रही है. उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए मतदाता पुनरीक्षण अभियान में पूरी सकारात्मकता और निष्ठा के साथ जुटेंगे. यह अभियान लोकतंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है और इसमें कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है.
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने हर घर तिरंगा अभियान के बारे में विस्तृत चर्चा करते हुए कहा कि 10 से 12 अगस्त तक प्रत्येक मंडल में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा .इन कार्यक्रमों में युवा मोर्चा व महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं की प्रमुख भूमिका होनी चाहिए. तिरंगा यात्रा में आम जनता की अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी हो इसका योजनापूर्वक प्रयास करना चाहिए. 12 से 14 अगस्त तक स्वतंत्रता संग्राम से जुडे स्मारकों स्वतंत्रता आन्दोलन से जुड़ी महत्वपूर्ण स्थानों के आस-पास स्वच्छता अभियान चलाया जाए.
प्रदेश महामंत्री (संगठन) ने कहा कि स्वच्छता अभियान के उपरान्त सभी स्थानों पर पुष्पांजलि अर्पित की जाए. उन्होंने कहा आगामी 13 से 15 अगस्त तक सभी घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराना पार्टी कार्यकर्ता द्वारा सुनिश्चित किया जाए. 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर सभी जिलों में मौन जुलूस निकालकर प्रभावित लोगों से भेंट एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया जाए. बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय प्रभारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय संयोजक व सहसंयोजक, विधायक, एमएलसी, प्रदेश मोर्चा अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, जिला संयोजक व सहसंयोजक, प्रदेश आईटी संयोजक, प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक, प्रदेश मीडिया प्रभारी व सहप्रभारी सम्मिलित हुए.