जस्टिस सुदर्शन रेड्डी होंगे विपक्ष के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार, सीपी राधाकृष्णन से होगा मुकाबला

इंडिया ब्लॉक ने भी उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए उम्मीदवार की घोषणा कर दी है. जस्टिस बी. सुदर्शन रेड्डी विपक्ष के उपराष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार होंगे. उनका मुकाबला एनडीए के सीपी राधाकृष्णन से होगा.

सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश, जस्टिस बी. सुदर्शन रेड्डी का जन्म 1946 में तेलंगाना में हुआ. वह गुवाहाटी उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश भी रहे. सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में उनका कार्यकाल 2007-2011 तक रहा.

जस्टिस सुदर्शन रेड्डी की उम्मीदवारी की घोषणा करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, “उपराष्ट्रपति पद का यह चुनाव एक वैचारिक लड़ाई है और सभी विपक्षी दल इस पर सहमत हैं. यही कारण है कि हमने बी सुदर्शन रेड्डी को संयुक्त उम्मीदवार बनाया है.”

खड़गे ने कहा कि जस्टिस सुदर्शन रेड्डी 21 अगस्त को नामांकन दाखिल करेंगे. उन्होंने कहा कि बुधवार को सभी विपक्षी दलों के सांसद दोपहर 1 बजे सेंट्रल हॉल में बैठक करेंगे.

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि बी. सुदर्शन रेड्डी जी भारत के प्रतिष्ठित और प्रगतिशील न्यायविदों में से एक हैं. उनका लंबा और प्रतिष्ठित कानूनी करियर रहा है. उन्होंने आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश, गुवाहाटी उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश और सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में कार्य किया है. वह सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय के साहसी समर्थक रहे हैं.

खड़गे ने कहा कि जस्टिस सुदर्शन रेड्डी उन मूल्यों को पूरी तरह से प्रतिबिंबित करते हैं जिन्होंने हमारे देश के स्वतंत्रता आंदोलन को इतनी गहराई से आकार दिया. वे मूल्य जिन पर हमारे देश का संविधान और लोकतंत्र टिका हुआ है. इन सभी मूल्यों पर हमले हो रहे हैं, इसलिए इस चुनाव को लड़ने का हमारा सामूहिक और दृढ़ संकल्प है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *