सीएम भजनलाल बोले- पटेल ने भारत को किया एक, पीएम ने धारा-370 हटाकर साकार किया ‘सरदार’ का सपना

लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के मौके पर प्रदेश के हर हिस्से में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया जाएगा. इसकी तैयारियों को लेकर रविवार को एसएमएस इंडोर स्टेडियम में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया. इस कार्यशाला को संबोधित करते हुए सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा, जब हम पटेल को याद करते हैं, तो गर्व की अनुभूति होती है. उन्होंने उस समय 560 रियासतों को एकसूत्र में पिरोकर एक भारत, श्रेष्ठ भारत की नींव रखी. उन्होंने बिखरे हुए भारत को एक किया था. हैदराबाद की जनता को निजाम के अत्याचारों से मुक्ति दिलाने के लिए उन्होंने दृढ़ निर्णय लिया. आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कश्मीर से धारा 370 खत्म कर भारत का अभिन्न अंग बनाया और सरदार पटेल के सपने को साकार किया.

उन्होंने आगे कहा कि दो महीने तक कार्यकर्ता ‘सरदार @150’ अभियान के तहत गांव-गांव जाकर युवाओं को देश निर्माण में पटेल के योगदान से परिचित कराएंगे. इस अभियान में एक ‘जिला, एक योजना’ के तहत खेल प्रतियोगिताएं होंगी. वे बोले, पटेल ने एक भारत की नींव रखी थी. अब हमें समृद्ध भारत बनाना है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जीएसटी में सुधार कर देश के व्यापार जगत को दीपावली से पहले बड़ा तोहफा दिया. इससे अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली और व्यापारियों को लाभ हुआ.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती है. कई रियासतों में बंटे भारत को एक करने की जिम्मेदारी पटेल ने निभाई थी. हैदराबाद, जोधपुर को भारत में विलय करवाने का श्रेय सरदार पटेल को जाता है. कश्मीर पर कबायली और पाकिस्तानी सेना के हमले के बाद पटेल ने दृढ़ता दिखाई और कश्मीर को भारत में जोड़ा. वे बोले, अगर पटेल नहीं होते, तो जोधपुर के साथ ही मारवाड़ का बड़ा हिस्सा पाकिस्तान में होता.

खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा, जब देश बंटा हुआ था, तब पटेल ने उसे एकजुट किया था. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए ‘एक भारत, आत्मनिर्भर भारत’ का निर्माण कर रहे हैं. पटेल के संदेश को आमजन तक पहुंचाने के लिए प्रदेश में रन फॉर यूनिटी के तहत कई आयोजन किए जाएंगे. खेल राज्यमंत्री केके विश्नोई ने अतिथियों का आभार जताया. इस मौके पर भाजपा विधायक जितेंद्र गोठवाल, भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष अंकित चेची, खेल विभाग के सचिव नीरज के पवन भी मौजूद रहे.

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने सवाई मानसिंह स्टेडियम के इंडोर हॉल में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सुना. वहीं, भाजपा कार्यालय में भी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मन की बात कार्यक्रम सुना. इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यशाला का आगाज किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *