हरियाणा में छठ महापर्व के तीसरे दिन सोमवार शाम को व्रत रखने वाली महिलाओं ने डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया. हरियाणा में लगभग सभी जिलों में नदियों और नहरों के किनारे लोग इस खास पर्व के लिए जमा हुए थे. पंचकूला में राज्य स्तरीय छठ पूजा महोत्सव हुआ जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी शामिल हुए.
पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय छठ पूजा महोत्सव में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने छठ मैया की पूजा-अर्चना की और घाट पर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया. इसके बाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि “मैं कामना करता हूं कि छठी मैया सदैव आपकी झोली खुशियों से भरकर रखें. पूर्वांचल के लोगों ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था में बहुत बड़ा योगदान दिया है. छठ पर्व भारतीय संस्कृति का सेतु है. ये पर्व देश के हर क्षेत्र को आस्था के धागे से जोड़ने का काम करता है. व्रत रखने वाली माताओं और बहनों को हाथ जोड़कर नमन करता हूं. छठ पूजा के लिए पंचकूला, करनाल में घाट का निर्माण किया गया है. स्मार्ट सिटी योजना के तहत एक और घाट का निर्माण करनाल में किया जा रहा है. वहीं पानीपत और सोनीपत में भी भव्य घाट का निर्माण किया गया. कैथल में भी जल्द एक घाट बनेगा.
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अमेरिका द्वारा हरियाणा के युवाओं को डिपोर्ट करने के मामले पर भी अपनी बात रखी. उन्होंने युवाओं को गलत रास्ते से बाहर भेजने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने संबंधी एक्ट की जानकारी दी. उन्होंने युवाओं से गलत रास्ते से विदेश न जाने की अपील भी की.
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने एसआईआर के मुद्दे पर राहुल गांधी के वोट चोरी और संविधान को खतरा बताने वाले के आरोपों पर कहा कि उनके इन मुद्दों को हवा निकल गई है. उन्होंने राहुल गांधी के साथ साथ इंडी गठबंधन पर भी निशाना साधा. कहा कि बिहार में आरजेडी सरकार के समय कुशासन था और विकास की जगह विनाश हुआ. सीएम ने कहा कि बिहार में नीतीश के नेतृत्व में एक बार फिर सरकार बनने जा रही है.
वहीं चंडीगढ़ में भी छठ पूजा सोमवार को पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया. सेक्टर 42 के लेक पर प्रशासन ने तमाम इंतजाम कर रखे थे. पूर्वांचल वेलफेयर एसोसिएशन के मेंबर्स के साथ राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू भी यहां मौजूद रहे. उन्होंने सभी को छठ की शुभकामनाएं दी और कहा कि छठी मइया सभी पर अपनी कृपा बनाकर रखें.