लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस पर प्रदेश भर में ‘रन फॉर यूनिटी’ मैराथन का आयोजन किया गया. शुक्रवार को राजधानी जयपुर में अमर जवान ज्योति से निकाले गए इस मार्च को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस दौरान सीएम भजनलाल, खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के साथ-साथ युवा और जनप्रतिनिधियों ने हाथों में तिरंगा लेकर मैराथन में हिस्सा लिया. मुख्यमंत्री ने युवाओं से विकसित भारत बनाने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया.
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल ने भारतीय रियासतों का एकीकरण कर एक सशक्त भारत का निर्माण किया. उन्होंने कांग्रेस और पूर्ववर्ती गहलोत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ होता था. पेपर लीक होते थे, लेकिन अब बिना किसी पेपर लीक के परीक्षाएं हो रही हैं. युवाओं को नौकरियां मिल रही हैं. हमारी सरकार ने 90 हजार से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए हैं. उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को सरदार पटेल से प्रेरणा लेकर राष्ट्रीय एकता के लिए समर्पित भाव से कार्य करना चाहिए और राजस्थान तथा भारत को विकसित बनाने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए.
खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि ‘रन फॉर यूनिटी’ का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश देना है, साथ ही यह फिट इंडिया की भावना को भी बढ़ावा देती है. इस अवसर पर डिप्टी सीएम दीया कुमारी, जयपुर लोकसभा सांसद मंजू शर्मा, सिविल लाइन्स विधायक गोपाल शर्मा, पुलिस कर्मी, एनसीसी कैडेट, स्काउट गाइड सहित सभी आयुवर्ग के धावक उपस्थित थे.
इस अवसर पर आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ का नेतृत्व नावां थानाधिकारी नन्दलाल रिणवा ने किया. थाना प्रभारी ने बताया कि दौड़ की शुरुआत लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम से हुई, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बाग के गणेश मंदिर परिसर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा स्थल तक पहुंची. दौड़ में पुलिस थाना नावां के अधिकारी व जवानों के साथ-साथ पुलिस मित्र, स्थानीय नागरिक, स्कूली छात्र-छात्राएं तथा विभिन्न सरकारी विभागों के कर्मचारी भी शामिल हुए. ‘रन फॉर यूनिटी’ के दौरान प्रतिभागियों ने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ और ‘राष्ट्र की एकता हमारी पहचान’ जैसे नारे लगाकर लोगों में देशभक्ति और एकता का संदेश फैलाया. इस आयोजन से शहर में एकता और सामूहिकता का माहौल देखने को मिला.