हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शुक्रवार को फतेहाबाद दौरे पर रहे. ‘लौह पुरुष’ सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर सीएम ने ‘रन फॉर यूनिटी’ को हरी झंडी दिखाई. उन्होंने युवाओं के साथ डेढ़ किलोमीटर तक की दौड़ भी लगाई. रन फॉर यूनिटी की शुरुआत पंचायत भवन से हुई, ये परशुराम चौक, एमसी कॉलोनी मोड़, लालबत्ती चौक, रतिया रोड होते हुए एमएम कॉलेज के मैदान में संपन्न हुई. 20 हजार से ज्यादा लोगों ने इसमें हिस्सा लिया.
इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान के अनुच्छेद 370 को हटाकर सरदार वल्लभ भाई पटेल के राष्ट्रीय एकीकरण का शेष कार्य पूरा किया.” मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा “562 रियासतों को भारतीय संघ में एकीकृत करने में सरदार पटेल का योगदान अतुलनीय है. 2014 से 31 अक्टूबर को सरदार पटेल की जयंती को ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में मनाया जाता रहा है.”
फतेहाबाद में दौड़ में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा “पटेल एक महान राष्ट्रवादी और उल्लेखनीय प्रशासनिक कौशल वाले नेता थे. सरदार वल्लभ भाई पटेल के राष्ट्रीय एकीकरण का शेष कार्य वर्तमान समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अनुच्छेद 370 और 35(ए) को निरस्त करके पूरा किया गया है
उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में सरदार पटेल के योगदान को याद करने के प्रयासों के लिए भी प्रधानमंत्री मोदी की सराहना की और कहा कि “गुजरात के नर्मदा जिले के एकता नगर में प्रतिष्ठित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की स्थापना आने वाली पीढ़ियों को पटेल के आदर्शों और सिद्धांतों से प्रेरित करेगी.” इस बीच सैनी ने कहा “फतेहाबाद के साथ-साथ पूरे राज्य में ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और लाखों नागरिक इसमें भाग ले रहे हैं.” कई मंत्रियों और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी जिला मुख्यालयों पर कार्यक्रमों में भाग लिया.