राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के 150 साल पूरे, प्रदेशभर में 7 नवंबर को मनाया जाएगा उत्सव

केंद्र सरकार ने राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देशभर में भव्य उत्सवों के आयोजन की घोषणा की है. स्वतंत्रता संग्राम में इस गीत की ऐतिहासिक भूमिका को ध्यान में रखते हुए देश एवं प्रदेश स्तर पर व्यापक जनभागीदारी वाले कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री जितेंद्र गोठवाल ने प्रदेश स्तरीय एवं संभाग स्तरीय टोलियों का गठन किया है.

भाजपा प्रदेश मंत्री भूपेंद्र सैनी को वंदे मातरम 150वां वर्ष कार्यक्रम का प्रदेश संयोजक नियुक्त किया गया है. जबकि युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश मंत्री प्रेम सिंह बनवासा एवं प्रीति शर्मा को प्रदेश सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है.संयोजक भूपेंद्र सैनी ने बताया कि जयपुर संभाग में रघुनाथ नरेडी, भरतपुर संभाग में भानू प्रताप सिंह, जोधपुर संभाग में महेंद्र बोहरा, अजमेर संभाग में अजीत मेहता, बीकानेर संभाग में महावीर रांका और उदयपुर संभाग में कमलेश पुरोहित को संयोजक बनाया है. प्रदेशभर में देशभक्ति, स्वदेशी भावना एवं राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संगठन और सरकारी स्तर पर आयोजन किए जाएंगे.

सैनी बोले- 7 नवंबर को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में भव्य प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा. जिसमें लगभग 50,000 से अधिक आमजन एक साथ ‘वंदे मातरम’ का सामूहिक गायन करेंगे. कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर प्रदेश स्तरीय टोली ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से भेंट की और कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की. मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर आवश्यक सहयोग का आश्वासन देते हुए कार्यक्रम को जनभागीदारी से जोड़ने का आह्वान किया.

सैनी ने बताया कि भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज रविवार को एक बैठक हुई. इसमें कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई और सभी स्तरों पर समन्वय बनाए रखने पर चर्चा की गई. अभियान के तहत संभाग, जिला, नगरीय निकाय, पंचायत राज संस्थान, स्कूल, कॉलेज, छात्रावास, अस्पताल एवं पुलिस थानों सहित राज्यभर में कार्यक्रम किए जाएंगे. वहीं, संगठन स्तर पर 150 स्थानों पर 150 कार्यकर्ताओं द्वारा सामूहिक वंदे मातरम गायन किया जाएगा. उन्होंने बताया कि सांसदों की उपस्थिति में हर जिले के एक कॉलेज में विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे. इसके साथ ही वंदे मातरम आधारित प्रदर्शनी, सोशल मीडिया जनजागरण अभियान एवं राष्ट्रव्यापी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शृंखला भी आयोजित की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *