हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम में टेस्ला सेंटर का शुभारंभ किया. ये मुंबई और दिल्ली के बाद टेस्ला का भारत में तीसरा और हरियाणा में पहला सेंटर है, जो गुरुग्राम के सोहना रोड पर ऑर्चिड बिजनेस पार्क में स्थित है. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुग्राम विकास की एक नई मंजिल तय करने जा रहा है और टेस्ला जैसी विश्व विख्यात कंपनी का गुरुग्राम में खुलना गौरव का विषय है
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि हरियाणा देश-विदेश के निवेशकों का हब बन चुका है. उन्होंने कहा कि 2014 से पहले हरियाणा का निर्यात 70 हजार करोड़ रुपये था, जो अब 2025 में 2 लाख 75 हजार करोड़ रुपये को पार कर चुका है. उन्होंने कहा कि देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में हरियाणा ने विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं और अब ये प्रमुख उद्योगों का बड़ा केंद्र बन रहा है. इस अवधि में प्रदेश में 12 लाख 20 हजार 872 सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग (MSME) स्थापित हुए हैं. उन्होंने कहा कि टेस्ला जैसी कंपनी का हरियाणा में आना राज्य के विकास के लिए एक बड़ा अवसर है. औद्योगिक विकास को गति देने के लिए इज ऑफ डूइंग बिजनेस को पूरी तरह लागू किया गया है तथा अलग से MSME विभाग का गठन भी किया गया है.

टेस्ला का सेंटर खुलने से गुरुग्राम और हरियाणा में इलेक्ट्रिक वाहन उद्योग को बढ़ावा मिलेगा. इससे रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे और राज्य की अर्थव्यवस्था को भी बल मिलेगा. गुरुग्राम में टेस्ला सेंटर का शुभारंभ हरियाणा के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है. इससे राज्य में उद्योग और निवेश को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस अवसर पर सभी को बधाई दी और टेस्ला कंपनी का हरियाणा में स्वागत किया.

टेस्ला के गुरुग्राम सेंटर में लाइव डिस्प्ले के साथ-साथ अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक और सर्विस बे होंगे. यहां 14 कार डिस्प्ले की गई हैं. साथ ही 250 किलोवॉट तक की क्षमता वाले सुपर चार्जर भी यहां पर लगाए जाएंगे. कंपनी के मुताबिक अगले 6 महीनों में दिल्ली-एनसीआर में कई सुपर चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे. आपको बता दें कि कुछ ही अरसे पहले सीएम नायब सैनी ने टेस्ला के अधिकारियों से मुलाकात कर हरियाणा में मैन्युफैक्चरिंग या कम से कम असेंबलिंग यूनिट स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया था, जिसके बाद टेस्ला ने मुंबई, दिल्ली के बाद सबसे पहले गुरुग्राम में अपना सबसे बड़ा सेंटर खोलने का फैसला लिया