आईआईटी आईएसएम धनबाद का 100वां फाउंडेशन डे, उद्योगपति गौतम अडाणी देंगे सेंचुरी समारोह का मुख्य संबोधन

IIT (ISM) धनबाद मंगलवार को अपने 100वें स्थापना दिवस का ऐतिहासिक मौका मनाने जा रहा है. 9 दिसंबर 2025 का दिन संस्थान के लिए बेहद खास होगा, क्योंकि यह एक सदी की शैक्षणिक उपलब्धियों, वैज्ञानिक योगदान और देश की सेवा के सफर को सलाम करेगा. इस अहम समारोह में अडाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडाणी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करेंगे.

पिछले लगभग 100 साल से IIT (ISM) देश में विज्ञान, टेक्नोलॉजी और लीडरशिप तैयार करने का एक मजबूत केंद्र रहा है. 1926 में देश के औद्योगिक और माइनिंग सेक्टर को सपोर्ट देने के लिए शुरू हुआ यह संस्थान आज इंजीनियरिंग, अर्थ साइंसेस, एनर्जी, कंप्यूटिंग, मैनेजमेंट और एनवायरनमेंट जैसे कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में देश का बड़ा पावर हाउस बन चुका है.

पिछले कुछ सालों में IIT (ISM) ने डिजिटल माइनिंग, एडवांस जियोस्टेशिय टेक्नोलॉजी और क्रिटिकल मिनरल एक्सप्लोरेशन जैसी रणनीतिक क्षेत्रों में राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी भूमिका निभाई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में IIT (ISM) में क्रिटिकल मिनरल ऑब्सर्वेट्री की स्थापना की घोषणा इस नेतृत्व का बड़ा सम्मान माना जा रहा है.

अब जब संस्थान अपनी दूसरी सदी में प्रवेश करने जा रहा है, इसका फोकस प्रंटियर रिसर्च, सस्टेनेबिलिटी, डीप-टेक इनोवेशन, ग्लोबल कोलाब्रेशन और समाज पर सकारात्मक असर जैसे भविष्य के बड़े लक्ष्यों पर है.

100वें स्थापना दिवस का आयोजन सेंचुरी फाउंडेशन वीक (3–9 दिसंबर) का हिस्सा है. जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री के प्रिंसिपल सेक्रेटरी डॉ. पी.के. मिश्रा की मौजूदगी में हुआ था. पिछले एक हफ्ते में कैंपस में कई शैक्षणिक संगोष्ठियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदर्शनियां, पूर्व छात्रों के साथ बातचीत और सामुदायिक कार्यक्रम हुए. जिन्होंने संस्थान की नई दिशा और बढ़ती राष्ट्रीय भूमिका को दर्शाया.

मंगलवार के मुख्य कार्यक्रम में औपचारिक स्वागत, invocation, संस्थान के 100 साल के सफर पर आधारित एक शॉर्ट फिल्म, और IIT (ISM) के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा तथा बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष प्रो. प्रेम व्रत के संबोधन शामिल होंगे. इसके बाद गौतम अडाणी स्थापना दिवस संबोधन देंगे और कार्यक्रम का समापन शोध, अकादमिक और संस्थागत सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को सम्मानित करने के साथ होगा.

पेनमैन ऑडिटोरियम में मुख्य समारोह के बाद मुख्य अतिथि TEXMiN बिल्डिंग का दौरा करेंगे, जहां एक विशेष कार्यक्रम रखा गया है. इस दौरान वे वरिष्ठ अधिकारियों, गणमान्य व्यक्तियों और संस्थान के प्रतिनिधियों से बातचीत भी करेंगे.

एक सदी की शानदार विरासत और उपलब्धियों को याद करते हुए IIT (ISM) धनबाद का 100वां स्थापना दिवस सिर्फ उसके गौरवशाली इतिहास का जश्न नहीं होगा, बल्कि आने वाले दशकों के उस उज्ज्वल भविष्य का संकेत भी देगा. जहां नवाचार, वैश्विक सहयोग और राष्ट्रीय प्रगति के प्रति गहरी प्रतिबद्धता इसकी पहचान बनेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *