सीएम भजनलाल का जन्मदिन और सरकार की दूसरी वर्षगांठ आज, बधाईयों के साथ हो रहे जनसेवा के काम

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का जन्मदिन और सरकार की दूसरी वर्षगांठ सोमवार को मनाई जा रही है. जन्मदिवस और वर्षगांठ पर प्रदेश भर में जनसेवा के कार्य किए जा रहे हैं. मुख्यमंत्री शर्मा ने राजधानी के प्रसिद्ध मोतीडूंगरी श्रीगणेशजी के दर्शन कर दिन की शुरुआत की. सीएम ने गौशाला में गायों को चारा भी खिलाया. उधर, पूर्व संध्या पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ व संगठन के पदाधिकारियों ने रविवार देर रात जरूरतमंद लोगों को कंबल बांटे.

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली सरकार की दूसरी वर्षगांठ और सीएम के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर भाजपा कार्यालय में आतिशबाजी की गई. इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष राठौड़ पार्टी पदाधिकारियों के साथ जरूरतमंद लोगों के बीच पहुंचे और कंबल बांटे. राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राजस्थान विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर है. बीते दो वर्षों में बिजली, पानी, युवा, महिला सशक्तिकरण, कानून व्यवस्था, रोजगार तथा ईआरसीपी जैसे अहम विषयों पर प्रभावी कार्य हुआ. विपक्ष मुद्दा विहीन होकर बेजा आरोप लगाने का प्रयास कर रहा है. इस दौरान भाजपा महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, भूपेंद्र सैनी, प्रदेश मंत्री अजीत माढण, सीताराम पोसवाल, एकता अग्रवाल आदि मौजूद रहे.

सोमवार को प्रदेशभर में आरोग्य शिविर होंगे. जयपुर के प्रताप नगर स्थित RUHS प्रांगण में राज्यस्तरीय कार्यक्रम रखा है. इसमें मुख्यमंत्री जनता को चिकित्सा से जुड़ी कई सौंगातें देंगे. RUHS में क्रिटिकल केयर ब्लॉक का लोकार्पण किया जाएगा. सभी जिला, उप जिला अस्पताल, सामुदायिक, प्राथमिक एवं उप स्वास्थ्य केन्द्रों पर भी आरोग्य शिविर होंगे. इसके बाद आरोग्य शिविर और रक्तदान शिविरों का भी सीएम जायजा लेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *