हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हांसी को जिला बनाने की घोषणा कर दी है. एक हफ्ते में हांसी को जिला बनाने का नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा. हांसी के जिला बनने के साथ ही अब हरियाणा में कुल 23 जिले हो जाएंगे.
हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी ने हांसी को जिला बनाने की घोषणा करते हुए कहा कि “वर्ष 2017 में हांसी को पुलिस जिला बनाने की घोषणा पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने की थी. चुनाव से पहले जब मैं यहां आया था, तब यहां आचार संहिता लग गई थी. तब मैंने कहा था कि कुछ अरमान हमारे दिल में रह गए हैं. वो अरमान मैं अब उजागर नहीं कर सकता परंतु वो अरमान जो आपके हमारे दिल में बसे हुए हैं. मैं हांसी को आज हरियाणा का 23वां जिला बनाने की घोषणा करता हूं. हांसी को जिला बनाने की नोटिफिकेशन एक हफ्ते के अंदर जारी कर दी जाएगी. हांसी वासियों को नया जिला बनने की बहुत-बहुत बधाई देता हूं.
जैसे ही मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हांसी को जिला बनाने की घोषणा की वैसे ही लोगों ने खड़े होकर खुशी से जमकर तालियां बजाई और नाचना तक शुरू कर दिया. मुख्यमंत्री की घोषणा का पता चलते ही शहर में दिवाली की तरह पटाखे फोड़ने लोगों ने शुरू कर दिए और जमकर आतिशबाज़ी हुई.
हांसी जिले में दो उपमंडल, तीन तहसील और एक उप-तहसील बनाई जाएगी. हांसी में 97 राजस्व गांव और 110 ग्राम पंचायत शामिल की जाएगी. हांसी जिले के लिए बनाए गए ड्राफ्ट के अनुसार वर्तमान में जो पुलिस जिले का सीमांकन हैं, उसी को राजस्व जिले का सीमांकन माना जाएगा. हांसी के जिला बन जाने के बाद अब हांसी के लोगों को डीसी से मिलने के लिए हिसार की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा. हांसी में ही डीसी बैठा करेंगे. इसके साथ ही केस की पैरवी के लिए हिसार जिला कोर्ट नहीं जाना पड़ेगा क्योंकि जिला बन जाने के बाद जिला एवं सत्र न्यायालय का गठन कर दिया जाएगा. जिला बन जाने के बाद हांसी को अलग से बजट मिलेगा जिससे हांसी के विकास में तेज़ी आएगी.
हरियाणा में अब तक 22 जिले हुआ करते थे लेकिन अब हांसी के जिला बनाने की घोषणा के साथ ही हरियाणा में अब कुल 23 जिले हो जाएंगे. हरियाणा के जिलों की देखिए पूरी लिस्ट –
- अंबाला
- भिवानी
- चरखी दादरी
- फरीदाबाद
- फतेहाबाद
- गुरुग्राम
- हिसार
- झज्जर
- जींद
- कैथल
- करनाल
- कुरुक्षेत्र
- महेंद्रगढ़
- नूंह(मेवात)
- पलवल
- पंचकूला
- पानीपत
- रेवाड़ी
- रोहतक
- सिरसा
- सोनीपत
- यमुनानगर
- हांसी