भजनलाल सरकार के दो साल: RUHS में क्रिटिकल केयर ब्लॉक, हील इन राजस्थान-2025 पॉलिसी का शुभारंभ

प्रदेश में भाजपा सरकार के कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. इस मौके पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कई सौगातें दीं. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान का हर नागरिक निरोगी, स्वस्थ और खुशहाल हो, इस संकल्प को साकार करने की दिशा में राज्य सरकार ‘स्वस्थ राजस्थान’ के लक्ष्य पर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है. इसके अंतर्गत प्रदेश में विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाओं का ढांचा तैयार करने के साथ ही गांव-ढाणियों तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाओं की पहुंच को सुगम बनाया जा रहा है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर प्रदेशभर में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए कई महत्वपूर्ण सौगातें दी गई हैं. RUHS में चिकित्सा सुविधाओं से युक्त क्रिटिकल केयर ब्लॉक की शुरुआत की गई. यह ब्लॉक 20 करोड़ रुपये की लागत से बना है, जिसमें आईसीयू बेड, इमरजेंसी के लिए विशेष बेड, एडवांस्ड वेंटिलेटर सिस्टम, मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर और डायलिसिस आदि सुविधाएं हैं.

सीएम ने मेडिकल टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए हील इन राजस्थान पॉलिसी- 2025 का विमोचन किया. उन्होंने कहा कि यह नीति प्रदेश को कम लागत वाले विश्वसनीय और सुलभ मेडिकल वैल्यू ट्रैवल डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में मेडिकल कॉलेजों से लेकर सब सेंटर तक आरोग्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है. इनमें 30 वर्ष से अधिक आयु के हर व्यक्ति की बीएमआई, बीपी, शुगर और कॉमन कैंसर आदि की जांच कर उचित उपचार किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि आरोग्य शिविर में आने वाले रोगियों को निशुल्क दवा और निशुल्क जांच उपलब्ध भी करवाई जा रही है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत निशुल्क जांचों के लिए हब एवं स्पोक मॉडल लागू किया जा रहा है. इसके तहत राजकीय चिकित्सालयों में मरीजों को ट्रोपोनिन, कैंसर मार्कर, बायोप्सी, विटामिन्स, थैलेसीमिया, हीमोफिलिया, हेपेटाइटिस और थायरॉइड जैसी 100 से अधिक विशिष्ट जांचें निशुल्क उपलब्ध करवाई जाएंगी. उन्होंने कहा कि राज्य में 42 मदर लैब, 137 हब लैब एवं 1 हजार 333 स्पोक चिह्नित किए गए हैं. आज 11 मदर लैब व 400 स्पोक का शुभारंभ किया जा रहा है. इस मॉडल में सैंपल कलेक्शन से लेकर रिपोर्टिंग तक सभी कार्यों का रिकॉर्ड ऑनलाइन रखा जाएगा और मरीजों को घर बैठे ऑनलाइन रिपोर्ट मिल सकेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *