गोरखपुर में सीएम योगी का जनता दर्शन; विदेश भेजने के नाम पर फ्रॉड करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश

उत्तर प्रदेश: सीएम योगी ने पुलिस अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है, कि लोगों को विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले एजेंटों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए. उन्होंने विदेश भेजने के नाम पर फ्रॉड करने वालों को चिन्हित करने और उनके खिलाफ एक्शन लेने के निर्देश दिए. शनिवार को उन्होंने गोरखपुर में जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान यह बातें कहीं.

गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में आयोजित जनता दर्शन में सीएम योगी आदित्यनाथ ने करीब 250 लोगों से मुलाकात की. सीएम ने सभी को आश्वस्त किया कि किसी को भी घबराने की आवश्यकता नहीं है. हर समस्या का निराकरण कराया जाएगा.

जनता दर्शन में आई एक महिला ने परिवार के सदस्य को विदेश भेजने के नाम पर एजेंट द्वारा ठगी किए जाने का मामला उठाया. इस पर मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को एजेंट के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और पीड़ित का पैसा दिलाने के निर्देश दिए. उन्होंने महिला को भी समझाते हुए कहा कि विदेश जाने के नाम पर एजेंटों के चक्कर में नहीं पड़ना चाहिए. गलत तरीके से जाने पर लोगों को वहां जेल भी जाना पड़ता है.

गोरखनाथ मंदिर मुख्यमंत्री मीडिया सेल से मिली जानकारी के अनुसार जनता दर्शन में आए पुलिस से जुड़े मामलों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए. साथ ही कहा कि पीड़ितों की मदद में विलंब और लापरवाही कतई नहीं होनी चाहिए.

जनता की समस्याओं के समाधान में किसी तरह की लापरवाही हुई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई भी तय है. मुख्यमंत्री ने प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं का समय से और निष्पक्ष निस्तारण करें. हर पीड़ित की तत्काल मदद की जाए.

उन्होंने जमीन कब्जाने की शिकायतों पर विधिसम्मत कठोर कदम उठाने के निर्देश दिए. जनता दर्शन में हर बार की तरह इस बार भी कुछ लोग इलाज में आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे.

इस पर सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा कि जल्द से जल्द अस्पताल के इस्टीमेट की प्रक्रिया पूर्ण कराकर शासन को उपलब्ध करा दें. इलाज के लिए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पर्याप्त मदद की जाएगी. जनता दर्शन में परिजनों के साथ आए बच्चों को सीएम ने प्यार से चॉकलेट दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *