मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शुक्रवार को पचगांव में महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि डबल इंजन की गरीब, किसान, मजदूर एवं महिलाओं की हितैषी है. मंच से सीएम ने सरकार की योजनाओं का बखान कर आमजन को लाभ पहुंचाने की बात कही. मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधकर तुष्टीकरण के आरोप लगाए हैं.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं के सम्मान एवं स्वाभिमान को लेकर शुरू से ही आगे रहे हैं. राजस्थान में महिला दीया कुमारी को डिप्टी सीएम बनाया गया. सरकार ने नारी शक्ति को राष्ट्रीय शक्ति बनाने का संकल्प लिया है. देश की महिलाएं अब नीति निर्माता बन रही हैं. लाडो योजना से राजस्थान प्रदेश की बेटियों को सम्मान मिल रहा है. इसके अलावा टैबलेट योजना, उच्च छात्रवृत्ति योजना के माध्यम से बेटियां संबल बन रही हैं. मोदी सरकार ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का काम किया है. लखपति दीदी योजना के अंतर्गत महिलाओं को खुद का रोजगार सृजित करने के लिए 100 करोड़ रुपए दिए हैं. उन्होंने कहा कि शास्त्रों में कहा गया है कि जहां नारी की पूजा होती है, वहां देवता निवास करते हैं.
सीएम ने कहा कि महिला सम्मेलन का पूरा कार्यक्रम धौलपुर जिले में हुआ है, यह एक सुखद अवसर है. वे बोले कि एक दौर था, जब माता-बहनें चूल्हे पर खाना बनाती थीं. महिलाओं की स्थिति को देख प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रसोई गैस का प्रबंध किया. महिलाओं के सम्मान को बरकरार रखने के लिए घर-घर शौचालय बनाकर समाज को बड़ा संदेश दिया. स्वच्छ भारत मिशन से सरकार ने नए भारत की शुरुआत की है. मोदी सरकार ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ को लेकर समाज में भेदभाव की मानसिकता को खत्म कर दिया है. बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 700 करोड़ की राशि लाडो योजना के अंतर्गत दी जा रही है.
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि गत 2 साल में सरकार ने धौलपुर जिले में 2000 करोड़ के विकास कार्य कराए हैं. जबकि कांग्रेस के नेताओं ने धौलपुर को विकास के क्षेत्र में अछूत रखा था. कांग्रेस के नेता सिर्फ ट्विटर पर बात करते हैं. मेरी बात का जवाब नहीं देते हैं. उन्होंने कहा कांग्रेस के पांच एवं हमारे 2 साल विकास के लिए काफी है.
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कांग्रेस में शुरू से तुष्टिकरण की नीति रही है. कांग्रेस की जहां सरकार रही है, वहां महिलाओं पर अत्याचार रहे हैं. भाजपा की सरकार बनने के बाद प्रदेश में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ. कांग्रेस राज्य में हमेशा भ्रष्टाचार हुआ है. लेकिन हम भ्रष्टाचार को प्रदेश में पनपने नहीं देंगे. राजस्थान में आज के युवा नौकरी लेने वाले नहीं बल्कि देने वाले हैं. इससे पूर्व डिप्टी सीएम दिया कुमारी ने भी महिलाओं को संबोधित कर सरकार की तमाम योजनाओं के बारे में जानकारी दी.