हरियाणा में सुशासन दिवस पर अधिकारियों-कर्मचारियों को CM ने किया सम्मानित

हरियाणा के मुख्यमंत्री ने आज प्रदेश को अग्रणी बनाने की दिशा में उत्कृष्ट कार्य कर राज्य सरकार के सहयोगी बने कर्मचारियों व अधिकारियों को सम्मानित किया. इसके लिए आज पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के उपलक्ष्य में सुशासन दिवस मनाया गया. पंचकूला सेक्टर-1 स्थित पीडबल्यूडी विश्राम गृह में सम्मान समारोह आयोजित किया गया. यहां अटल बिहारी वाजपेयी की जीवनी और उनकी देश के प्रति प्राथमिकताओं को चित्र के माध्यम से दर्शाया गया. राजनीतिक जीवन में अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदर्शिता और विचारों समेत उनकी सकारात्मक सोच और संगठात्मक कार्यों की प्राथमिकता के बारे में जानकारी दी गई.

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में शुरू प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, सर्व शिक्षा अभियान और राष्ट्रीय राजमार्ग विकास परियोजना की विरासत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ाए जाने की बात कही. उन्होंने हरियाणा सरकार द्वारा बीते वर्षों में किए गए डिजीटलीकरण समेत अन्य कार्यों की जानकारी दी. 24 लाख शिकायतों का समयबद्व तरीके से निपटान, बिना आवेदन राशन कार्ड जैसी सुविधाओं और मेरी फसल मेरा ब्यौरा योजना के तहत किसानों द्वारा फसल के पंजीकरण, लाडो लक्ष्मी योजना समेत अन्य कार्यों, योजनाओं व परियोजनाओं पर ध्यान आकृष्ट कराया गया.

Haryana CM Nayab Singh Saini honored employees and officers on Good Governance Day

मुख्यमंत्री ने सुशासन की सरकार के अर्थ को बताते हुए कहा कि हरियाणा में बिना पर्ची-खर्ची के 1.80 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी, हैप्पी योजना में मुफ्त यात्रा, मॉडल संस्कृति स्कूल, गांवों में बिजली, सोलर उर्जा, ई-उपचार, 112 के माध्यम से 2.70 करोड़ के कॉल्स पर 58 लाख 95 हजार मामलों में त्वरित कार्रवाई की गई.

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रिमोट का बटन दबाकर सिक्योरिटी ऑफ सर्विस पोर्टल का शुभारंभ किया. इसके तहत औद्योगिक क्षेत्र की घोषणा हेतु आवेदन प्रस्तुत करने के लिए पोर्टल, प्रेस रिलीज मैनेजमेंट सिस्टम, ऑनलाइन प्रेस मान्यता और एआई सक्षम इंस्टेंट पंजीकरण सिस्टम का लोकार्पण किया. बताया गया कि हरियाणा कांट्रेक्चुअल एम्पलाइज सिक्योरिटी ऑफ सर्विस पोर्टल, संविदा कर्मचारियों को सेवा-सुरक्षा, पारदर्शिता व भरोसे से जाेड़ने वाली मानव संसाधन विभाग की सशक्त विस्तृत डिजीटल पहल है. बताया कि वर्ष 2024 में लागू हरियाणा कांट्रेक्चुअल एम्पलाइज सिक्योरिटी ऑफ सर्विस अधिनियम की भावना को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने के लिए यह पोर्टल तकनीकी रूप से सक्षम है. संविदा कर्मियों को आवेदन के साथ साथ संबंधित डीडीओ एवं विभागीय प्रमुख द्वारा लिए गए निर्णयों के हर कदम की एसएमएस द्वारा जानकारी मिल सकेगी. इस पहल के अंतर्गत प्रदेश सरकार में कार्यरत पार्ट-1 व 2 समेत अन्य सभी पात्र संविदा कर्मचारियों को इसका प्रत्यक्ष फायदा मिलेगा.

Haryana CM Nayab Singh Saini honored employees and officers on Good Governance Day

देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती को सिरसा में भी सुशासन दिवस के रूप में मनाया गया. इस मौके पर जिला प्रशासन द्वारा स्थानीय लघु सचिवालय के बैठक कक्ष में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया. समारोह में हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की. इस अवसर पर सभी विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों सहित वरिष्ठ भाजपा नेता गोबिंद कांडा सहित पार्टी कार्यकर्ता भी मौजूद रहे. कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि आज अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन को सुशासन दिवस के रूप में मनाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि अटल जी का जीवन पक्ष और विपक्ष में दोनों रूप में जनता के हित में था. अटल जी का संपूर्ण जीवन बिना द्वेष के रहा है. अटल जी ने हमेशा अच्छे कार्य करने के लिए अपनी एनर्जी को लगाया. मौजूदा भाजपा सरकार उनके सिद्धांतों पर चलते हुए प्रदेश में विकास की नई राह पकड़ रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *