रामलला प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ; रक्षामंत्री और सीएम योगी ने की महाआरती

 राम मंदिर में विराजमान रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ बुधवार को बड़ी ही भव्यता के साथ मनाई जा रही है. प्रतिष्ठा द्वादशी के अवसर पर रामलला के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा. देश-विदेश से आए भक्त लंबी कतारों में लगकर प्रभु श्रीराम के दर्शन कर रहे हैं. जय श्रीराम के उद्घोष से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा.

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ भी अयोध्या पहुंचकर इस उत्सव में शामिल हुए. वहीं, पीएम मोदी ने रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ की देशवासियों को बधाई देते हुए X पर लिखा है, 5 सदियों का संकल्प साकार हुआ.

प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ पर बुधवार को सुबह रामलला का स्नान, अभिषेक, पूजन और फिर महाआरती की गई. नृत्य प्रक्रिया में रामलला की मंगला और श्रृंगार आरती परंपरागत रूप से की गई. इसके बाद राम भक्तों के लिए रामलला का पट खोला गया.

प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ को लेकर पुनः 09:20 बजे रामलला को पंचामृत से अभिषेक किया गया. जिसमें दूध, दही, घी, शहद, शक्कर के साथ सरयू नदी का जल मिश्रित किया गया था. इसके बाद उनको सोने-चांदी के तारों से बनी पितांबरी वस्त्र पहनाया गया और हीरा-पन्ना से जड़ित सोने के आभूषण व मुकुट भी धारण कराए गए.

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सीएम योगी आदित्यनाथ ने श्री राम स्रोत के मंत्रोच्चारण के साथ 12:20 बजे अभिजीत मुहूर्त में आरती की. इसके साथ रामलला के समक्ष 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया गया. इस दौरान श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, सदस्य उडुपी पीठाधीश्वर विश्व प्रसन्न तीर्थ, सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा, प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, अयोध्या मेयर गिरीश पति त्रिपाठी, अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, रुदौली विधायक रामचंद्र यादव समेत अन्य लोग मंदिर परिसर में मौजूद रहे.

राम जन्मभूमि मंदिर में प्रतिष्ठा द्वादशी पर परकोटा के उत्तरी भुज पर स्थापित माता अन्नपूर्णा देवी मंदिर के शिखर पर ॐ चिह्न स्थापित केसरिया ध्वजारोहण किया गया. इसके बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सीएम योगी ने परकोटा में स्थापित भगवान शिव, गणेश, हनुमान जी, सरयू देव, माता भगवती के मंदिर में दर्शन पूजन कर सप्त ऋषियों के मंदिर महर्षि विश्वामित्र, महर्षिवाल्मीकि, महर्षि अगस्त्य, महर्षि वशिष्ठ के साथ अहिल्या देवी, निषाद राज व शबरी के मंदिर में दर्शन पूजन किया.

सीएम योगी ने प्राण प्रतिष्ठा का वीडियो के साथ X पर पोस्ट किया है, भारत की चेतना के उत्कर्ष की साक्षी बन रही श्री अयोध्या नगरी में आज प्रभु श्री रामलला के नूतन विग्रह के प्राण-प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ का पावन दिन है. श्री राम जन्मभूमि मंदिर में श्री रामलला का विराजमान होना प्रतीक है कि सदियों के संघर्ष को समाप्ति मिली और वेदना को विराम मिला. हमारी तीन पीढ़ियों की साधना और संघर्ष, पूज्य साधु-संत गण के आशीर्वाद और 140 करोड़ देशवासियों के विश्वास की परिणति है कि आज हम इस पावन पल के साक्षी बन रहे हैं. आज प्रत्येक रामभक्त के हृदय में संतोष है. सियावर रामचन्द्र भगवान की जय!’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *