पंचायत-निकाय चुनावों को लेकर भाजपा की कार्यशाला, बीएल संतोष, सीएम भजनलाल व वसुंधरा राजे हुए शामिल

राजस्थान में आगामी पंचायत और निकाय चुनावों को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी कड़ी में शनिवार को जयपुर के कांस्टीट्यूशन क्लब में प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यशाला का उद्घाटन राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने किया.

उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच छाती ठोककर जाएं. सीएम ने कहा कि हमारी सरकार ने मात्र दो वर्षों में वह विकास कार्य कर दिखाए, जो पिछली कांग्रेस सरकार पांच वर्षों में नहीं कर पाई. उन्होंने पिछली सरकार के कार्यकाल और वर्तमान सरकार के दो वर्षों के आंकड़ों की तुलना करते हुए कहा कि निष्पक्ष दृष्टि से देखें तो अंतर स्पष्ट नजर आता है.

भाजपा की संगठनात्मक कार्यशाला

सीएम ने कहा कि सरकार ने पारदर्शिता, सुशासन और विकास को प्राथमिकता दी है. सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे क्षेत्रों में ठोस और धरातल पर दिखने वाले काम किए गए हैं. सीएम ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष केवल बयानबाजी और भ्रम फैलाने की राजनीति करता है, जबकि हमारी सरकार परिणाम देने में विश्वास रखती है. उन्होंने पदाधिकारियों से कहा कि जनता के सामने गर्व से कहें कि हमने विकास के काम किए और कोई गलत काम नहीं किया.

कार्यशाला में प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कार्यकर्ताओं की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी हैं. संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और निष्ठा से ही संभव है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि आगामी पंचायत और निकाय चुनावों को ध्यान में रखते हुए सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं, ताकि जनता को सही जानकारी मिल सके.

राठौड़ ने कहा कि सरकार और संगठन एक-दूसरे के पूरक हैं. मजबूत संगठन के बिना सरकार की योजनाएं पूरी तरह सफल नहीं हो सकतीं, इसलिए हर कार्यकर्ता जिम्मेदारी और समर्पण के साथ काम करे. उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार कार्यकर्ताओं के सम्मान और हितों का पूरा ध्यान रखेगी. प्रदेश की जनता ने विकास और सुशासन के लिए हमें चुना है और हम उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए ईमानदारी से काम कर रहे हैं. आने वाला समय भी विकास, जनकल्याण और भ्रष्टाचार मुक्त शासन पर केंद्रित रहेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *