उत्तर प्रदेश: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी विजन की वजह से उत्तर प्रदेश अब बॉटलनेक से ब्रेकथ्रू बन चुका है. प्रगति पोर्टल देश में बड़ी इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं के लिए नई कार्य संस्कृति का बेहतरीन उदाहरण बन गया है. ये बातें सीएम योगी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में प्रगति पोर्टल पर आयोजित प्रेस वार्ता में कही.
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने साल 2014 से डिजिटल गवर्नेंस को मजबूत आधार दिया. प्रगति पोर्टल इसी का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसने बेहतर परिणाम दिए हैं. यह प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच का नतीजा है. प्रगति पोर्टल के जरिए विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के बीच बेहतर समन्वय हो रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि 2003 में गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने इस तरह की व्यवस्था शुरू की थी, जिसे 2014 में पूरे देश में लागू किया गया. यह मिनिमम गवर्नमेंट, मैक्सिमम गवर्नेंस का सिद्धांत है.
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि फाइल कल्चर को खत्म कर फील्ड में वास्तविक परिणाम दिए जा रहे हैं और स्पष्ट जवाबदेही तय की गई है. प्रगति पोर्टल के माध्यम से अब तक 86 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं को गति मिली है. देश के लिए उत्तर प्रदेश अब ग्रोथ इंजन साबित हो रहा है. राज्य में एक्सप्रेसवे, रेल नेटवर्क, रैपिड रेल और सिटी रोपवे जैसी परियोजनाएं यूपी की नई पहचान बन गई हैं. ये सभी प्रगति पोर्टल के जरिए तेजी से आगे बढ़ रही हैं. उत्तर प्रदेश के पास सबसे बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर पोर्टफोलियो है. 10 लाख 48 हजार करोड़ रुपये की 303 परियोजनाएं चल रही हैं. इनमें से 2.37 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं कमीशन हो चुकी हैं, जबकि 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं अच्छी गति से आगे बढ़ रही है. सभी अड़चनों को समय-सीमा के अंदर हल करके प्रोजेक्ट्स को जमीन पर उतारा जा रहा है.
CM योगी ने कहा कि प्रगति पोर्टल के तहत कुल 65 प्रमुख परियोजनाओं में से 26 कमीशन हो चुकी हैं और 39 पर काम जारी है. स्वीकृतियां जारी होने पर इन्हें प्रगति पोर्टल के जरिए तेजी से लागू किया जाता है. कुल 515 मुद्दों में से 494 का समाधान हो चुका है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रगति पोर्टल ने टीम इंडिया की भावना को और मजबूत किया है. यह डिजिटल गवर्नेंस का शानदार उदाहरण है, जिससे परियोजनाएं समय पर पूरी हो रही हैं और राज्य तेज विकास की राह पर है. उत्तर प्रदेश अब विकास में कोई रुकावट नहीं आने देगा.