हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने गुरुग्राम में शिक्षाविदों और महिला प्रतिनिधियों के साथ बजट को लेकर चर्चा की. बजट पूर्व परामर्श में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी और गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद जी की जयंती पर उन्हें नमन किया वही लोहड़ी और मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दीं.
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि राज्य सरकार शिक्षा के सुदृढ़ीकरण और महिला सशक्तिकरण को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकसित भारत 2047 की परिकल्पना के अनुरूप हरियाणा सरकार नए संकल्प के साथ प्रदेश को प्रगति की दिशा में आगे बढ़ा रही है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञान की शक्ति और मातृशक्ति के समन्वय से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है. उन्होंने शिक्षा को समाज की आत्मा बताते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से आने वाली पीढ़ियों के चरित्र, कौशल और आत्मविश्वास का निर्माण होगा. उन्होंने बताया कि “गत वित्त वर्ष में शिक्षा क्षेत्र के लिए 21,893 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया, जिसमें बजट पूर्व परामर्श से प्राप्त 63 महत्वपूर्ण सुझावों को शामिल किया गया. इसके अंतर्गत मॉडल संस्कृति स्कूलों की स्थापना, स्टैम लैब्स, उद्योग-अकादमिक साझेदारी और छात्रवृत्ति योजनाएं लागू की गईं.”
मुख्यमंत्री ने कहा कि उच्चतर शिक्षा में अनुसंधान एवं शोध को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा राज्य अनुसंधान कोष की स्थापना की गई है. महिला कल्याण को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने बताया कि महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं. उन्होंने कहा कि आगामी बजट में शिक्षा और महिला सशक्तिकरण से जुड़े सार्थक सुझावों को शामिल करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा.