सीएम धामी ने चंपावत के तल्ला देश बमन क्षेत्र में पहुंचकर प्रसिद्ध रण कोची मंदिर में पूजा अर्चना की. इस मौके पर उन्होंने करोड़ों की 23 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया. वहीं, चंपावत दौरे के बाद शाम को खटीमा पहुंचे. जहां उन्होंने तराई बीज निगम मैदान में कुमाऊं सांस्कृतिक उत्थान समिति की ओर से आयोजित उत्तरायणी कौतिक मेले का शुभारंभ किया.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत जिले के सीम चुका तल्ला देश क्षेत्र में पहुंचकर प्रसिद्ध मां रणकोची मंदिर में विधिवत पूजा अर्चना की. इस मौके पर आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में 182 करोड़ की 23 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया. वहीं, रणकोची मंदिर सौंदर्यीकरण के लिए साढ़े चार करोड़ की स्थानीय लोगों को सौगात दी. जिसकी पहली किस्त शासन की ओर से पहले ही जारी भी कर दी गई.
इस अवसर पर सीएम धामी ने उत्तरायणी के अवसर पर निकलने वाली कलश यात्रा में भी प्रतिभाग किया. सीएम ने मंदिर के पुजारी वर्ग को अंग वस्त्र, धार्मिक पुस्तकें देकर उन्हें सम्मानित किया. साथ ही भजन कीर्तन का सामान भी वितरण किया. सीएम धामी ने रियासी, बमन गांव तोक खेत आदि ग्रामीण इलाकों के ग्रामीणों के लिए आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया. सीएम ने कार्यक्रम में विभिन्न लाभार्थियों को प्रमाण पत्र एवं सहायता सामग्री वितरित की.