राजधानी के राजापार्क इलाके में मंगलवार रात को गोकाष्ठ लोहड़ी महोत्सव बड़े उत्साह और धूमधाम से मनाया गया. राजस्थान प्रदेश पंजाबी महासभा और राजापार्क व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शिरकत की.
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विधिवत पूजा-अर्चना की और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गोकाष्ठ (गोबर के उपले) से लोहड़ी की अग्नि प्रज्वलित की. इस विशेष लोहड़ी में पर्यावरण संरक्षण और पेड़ों को बचाने के उद्देश्य से पारंपरिक लकड़ी के बजाय गोकाष्ठ, गाय का देसी घी तथा 21 जड़ी-बूटियों सहित हवन सामग्री का उपयोग किया गया. यह पहल पिछले कई वर्षों से राजापार्क क्षेत्र में पर्यावरण शुद्धि के लिए की जा रही है.
समारोह में भाजपा नेता रवि नैय्यर, विधायक कालीचरण सराफ, राजस्थान सिख समाज के अध्यक्ष अजय पाल सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे. पंजाबी गीतों और भांगड़ा की धुनों पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित सभी अतिथि और उपस्थितजन झूमे. पंजाबी कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा माहौल पंजाबी संस्कृति से रंगीन हो उठा.
लोहड़ी पर्व फसल की कटाई और नए साल की शुरुआत का प्रतीक माना जाता है, जो खुशियां, समृद्धि और खुशहाली का संदेश देता है. इस अवसर पर पंजाबी समाज के साथ-साथ अन्य समुदायों के लोग भी बड़ी संख्या में शामिल हुए और त्योहार का आनंद लिया. राजापार्क के मुख्य चौराहे पर आयोजित इस कार्यक्रम में अलग-अलग थीम के साथ लोहड़ी मनाई गई.
पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे. पुलिस के जवान और ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने चाक-चौबंद व्यवस्था बनाए रखी, जिससे कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हुआ. देर रात तक जयपुर के विभिन्न इलाकों में लोहड़ी का उल्लास देखने को मिला. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने लोहड़ी प्रज्वलित कर प्रदेश की समृद्धि, उन्नति और खुशहाली की कामना की तथा सभी को पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं.