हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरूक्षेत्र विश्वविद्यालय के खेल प्रांगण में खेलों इंडिया योजना के तहत बने हॉकी एस्ट्रोटर्फ मैदान का उद्घाटन किया. इस परियोजना के लिए राज्य सरकार ने लगभग 5.50 करोड़ रुपये का बजट उपलब्ध कराया है. उद्घाटन समारोह में हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम भी उपस्थित रहे. इस दौरान वो खुद भी हॉकी स्टिक लेकर फिल्ड में हाथ आजमाते नजर आए.
हॉकी एस्ट्रोटर्फ मैदान विश्वविद्यालय में खिलाड़ियों और छात्रों को प्रशिक्षण के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा. मैदान अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाया गया है और इसका उद्देश्य स्थानीय और राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर मंच तैयार करना है.
साथ ही मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय में लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले ऑल वेदर स्वीमिंग पूल परियोजना का शिलान्यास किया. यह पूल वर्षभर खिलाड़ियों और छात्रों को प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धा के अवसर उपलब्ध कराएगा.
विश्वविद्यालय में आगामी हरियाणा विजन 2047 भविष्य उन्मुख रोडमैप प्री बजट मंथन कार्यक्रम में खिलाड़ियों और युवा पीढ़ी के साथ संवाद किया जाएगा. इस कार्यक्रम का उद्देश्य खेलों के विकास और युवाओं के लिए राज्य की योजनाओं और अवसरों को साझा करना है.
हॉकी एस्ट्रोटर्फ मैदान और आल वेदर स्वीमिंग पूल जैसी परियोजनाएं राज्य में खेल और प्रतिभा को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी. इन सुविधाओं के माध्यम से छात्रों और खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के साथ-साथ राष्ट्रीय और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने के अवसर मिलेंगे.