राजस्थान के सीकर जिले में सुबह-सुबह आया भूकंप, डरकर घरों से बाहर भागे लोग, जानें कितनी थी तीव्रता

राजस्थान के सीकर जिले में शुक्रवार सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए. सुबह करीब 6:33 बजे आए इन झटकों से दांतारामगढ़ उपखंड के कई गांवों में लोगों के बीच अचानक हलचल मच गई. भूकंप के झटके महसूस होते ही कई लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए. भूकंप का असर विशेष रूप से खाटूश्यामजी और उसके आसपास के क्षेत्रों में अधिक महसूस किया गया. इसके अलावा पलसाना, कोछोर, बाय, खोरा, टेहठ, बासड़ी कला, दांता, खाचरियावास और कैलाश धींगपुर सहित कई गांवों में भी हल्का कंपन महसूस किया गया . हालांकि अब तक कहीं से भी किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं मिली है.

नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार इस भूकंप की रिक्टर स्केल पर तीव्रता 3.5 मापी गई है. भूकंप का केंद्र जयपुर से लगभग 69 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम दिशा में बताया गया है, जबकि इसकी गहराई जमीन से करीब 5 किलोमीटर दर्ज की गई है. स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह अचानक हल्का कंपन महसूस हुआ, जिसके कारण कुछ देर के लिए लोगों में दहशत का माहौल बन गया. कई घरों और दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी हल्का मूवमेंट रिकॉर्ड होने की जानकारी सामने आई है.

गौरतलब है कि इससे पहले भी 15 दिसंबर 2025 को खाटूश्यामजी और आसपास के क्षेत्र में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे. एक बार फिर उसी इलाके में भूकंप आने से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है. हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि 3.5 तीव्रता का भूकंप आमतौर पर हल्का माना जाता है और इससे बड़े नुकसान की संभावना कम रहती है. फिर भी प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है.

भूकंप आने की स्थिति में लोगों को घबराने के बजाय सतर्कता बरतने की सलाह दी जाती है. विशेषज्ञों के अनुसार झटके महसूस होते ही तुरंत किसी मजबूत टेबल या फर्नीचर के नीचे शरण लें और सिर को हाथों से ढक लें. अगर घर के अंदर हों तो खिड़कियों, कांच और भारी सामान से दूर रहें, जबकि बाहर होने पर खुले स्थान में चले जाएं और इमारतों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें. लिफ्ट का उपयोग बिल्कुल न करें और झटके रुकने तक सुरक्षित स्थान पर ही रहें. प्रशासन भी लोगों से अपील करता है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और आपदा प्रबंधन से जुड़े दिशा-निर्देशों का पालन करें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *