घरेलू एलपीजी गैस की निर्बाध आपूर्ति सरकार की प्राथमिकता: सीएम भजनलाल शर्मा

मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध का असर भारत पर पड़ने लगा है. देश और प्रदेश में एलपीजी गैस की किल्लत दिखने लगी है. राजस्थान में घरेलू गैस सिलेंडर की निर्बाध आपूर्ति को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी आपात बैठक बुलाई. बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित बैठक में एलपीजी गैस आपूर्ति को लेकर निर्देश दिए कि आपूर्ति व्यवस्था को निर्बाध बनाए रखने के लिए उपलब्धता से लेकर वितरण व्यवस्था की निगरानी रखते हुए प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए.

इसके लिए राज्य एवं जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएं. उन्होंने नागरिक आपूर्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के कार्मिकों के अवकाश निरस्त किए जाने के निर्देश दिए. सीएम ने कहा कि प्रदेश में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है तथा घरेलू उपभोक्ताओं के लिए एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था सुचारु तथा सामान्य है. इसकी आपूर्ति को लेकर प्रदेश में किसी प्रकार की परेशानी नहीं है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए एलपीजी गैस और पेट्रोलियम उत्पादों की जमाखोरी या कालाबाजारी पर विशेष निगरानी रखी जाए. ऐसे मामलों के पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए. उन्होंने निर्देश दिए कि जिला कलेक्टर एवं संबंधित अधिकारी निरीक्षण कर निरंतर मॉनिटरिंग करें.

सीएम ने कहा कि ऐसे समय में अफवाह एवं भ्रामक जानकारी पर भी निगरानी रखी जाए एवं अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाए. साथ ही, आमजन को एलपीजी गैस की उपलब्धता एवं आपूर्ति को लेकर समय-समय पर विभिन्न माध्यमों से जानकारी दी जाए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *