CM योगी का बड़ा ऐलान: महाकुंभ ड्यूटी करने वाले 75000 पुलिस वालों को 10000 बोनस, एक हफ्ते की छुट्टी व मेडल

उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाकुंभ-2025 के समापन अवसर पर आयोजित पुलिसकर्मियों से विशेष संवाद कार्यक्रम में कई घोषणा घोषणाएं कीं. पुलिसकर्मियों के धैर्य की सराहना करते हुए योगी ने यूपी के 75 हजार पुलिसकर्मियों काे ’महाकुंभ सेवा मेडल’, 10 हजार का स्पेशल बोनस और एक सप्ताह का अवकाश देने की घोषणा की.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को महाकुंभनगर में पुलिसकर्मियों और अधिकारियों के साथ संवाद कर रहे थे. उन्होंने कहा कि दुनिया का सबसे बड़ा और ऐतिहासिक आयोजन महाकुंभ को सफल बनाने में पुलिसकर्मियों का विशेष योगदान रहा. उत्तर प्रदेश पुलिस बल के सामूहिक प्रयासों का परिणाम ही है कि यह आयोजन सफल हुआ.

उन्होंने पुलिसकर्मियों के धैर्य और शालीनता की प्रशंसा करते हुए घोषणा की कि महाकुंभ में ड्यूटी में भागीदार बने 75 हजार पुलिस कार्मिकों को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए ’महाकुंभ सेवा मेडल’ और प्रशस्तिपत्र प्रदान किया जाएगा. इस आयोजन में भागीदार बने प्रदेश पुलिस बल के अराजपत्रित पुलिसकर्मियों को 10 हजार रुपये का स्पेशल बोनस उपलब्ध कराया जाएगा. महाकुंभ में सेवाएं देने वाले उत्तर प्रदेश पुलिस बल के अधिकारियों व जवानों को फेज वाइज एक सप्ताह का अवकाश भी प्रदान किया जाएगा.

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अगर हम समस्या के बारे में सोचते तो बहाने मिलते, लेकिन हमनें समाधान के बारे में सोचा तो रास्ते मिले. हमने समाधान का रास्ता चुना और इसे दुनिया का सबसे बड़ा आयोजन बनाया. प्रधानमंत्री जी ने महाकु्रभ के लिए ’दिव्य, भव्य और डिजिटल महाकुंभ’ की थीम दी. यह आयोजन भारत की सांस्कृतिक समृद्धि और आर्थिक प्रगति का प्रतीक बन गया है. महाकुंभ में भागीदार बने व्यक्ति प्रयागराज महाकुंभ–2025 के स्केल और स्किल को समझ पाएंगे. किसी कोने में बैठकर विद्वेष भाव से टिप्पणी कर देना आसान बात है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकुंभ में उत्तर प्रदेश पुलिस ने क्राउड मैनेजमेंट, सुरक्षा और आपदा प्रबंधन में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. मौनी अमावस्या में एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना हुई, लेकिन 15-20 मिनट में ग्रीन कॉरीडोर बनाकर घायलों को समुचित इलाज मुहैया कराया गया. आग की घटनाओं को 10 मिनट में नियंत्रित किया गया, जिसमें कोई जनहानि नहीं हुई. वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश दंगों, माफियाराज और असुरक्षा से जूझ रहा था, लेकिन आज नये भारत का नया उत्तर प्रदेश निवेश का ड्रीम डेस्टिनेशन बन चुका है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *