उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को ब्रज की विश्व प्रसिद्ध होली में शामिल होने के लिए मथुरा पहुंचे. सीएम योगी ने बरसाना में श्री राधा रानी के मंदिर पहुंचकर उनके दर्शन किए. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महाकुंभ के भव्य आयोजन के बाद मैं होली की शुभकामनाएं देने और राधा रानी के चरणों में नमन करने बरसाना आया हूं. हमारी ब्रजभूमि भारत के सनातन धर्म की अगाध श्रद्धा की भूमि है और यह हमारा सौभाग्य है कि बाबा विश्वनाथ का धाम काशी, मर्यादा पुरुषोत्तम राम की पावन जन्मभूमि अयोध्या और लीलाधारी श्रीकृष्ण की जन्मभूमि और लीलाभूमि मथुरा, वृंदावन और बरसाना उत्तर प्रदेश में हैं.
सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या-काशी के बाद अब यमुना की बारी है. अब दिल्ली में भी राम भक्तों की सरकार आ गई है. ये समझिए गंगा मैय्या की तर्ज पर मां यमुना भी अब जल्द निर्मल होंगी. यह दिन अब बहुत दूर नहीं रहा. होली दूरियां कम करने का त्यौहार है. कुछ चिंताएं डबल इंजन की सरकार पर छोड़ दीजिए.
सीएम योगी ने कहा कि बृज भूमि सनातन धर्म की श्रद्धा की भूमि है. ये हमारा सौभाग्य है कि बाबा विश्वनाथ का धाम काशी, मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम की पवित्र धरा अयोध्या और लीलाधारी प्रभु श्री कृष्ण की जन्मभूमि और लीलाभूमि मथुरा, वृंदावन और बृजभूमि हमारे उत्तर प्रदेश में है. दुनिया का सबसे बड़ा, धार्मिक और अध्यात्मिक-सांस्कृतिक प्रोग्राम अभी उत्तर प्रदेश में प्रयागराज की धरती पर संपन्न हुआ है. 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालु वहां पर पहुंचे.
सीएम योगी ने कहा कि मैं चौधरी लक्ष्मीनारायण जी से बार बार कहता था कि मुझे होली पर बृज में आना है. मेरा सौभाग्य है कि आज बरसाना की लड्डू मार होली का मौका मिला है. सबको लड्डूमार होली और लट्ठमार होली की शुभकामनाएं. सीएम योगी ने यहां रंगोत्सव 2025 प्रोग्राम का शुभारंभ किया. प्रोग्राम के बाद सीएम योगी आगरा के लिए रवाना हो गये.