25 मार्च शपथ ग्रहण समारोह: नवनिर्वाचित मेयर, चेयरमैन, पार्षद और नवनियुक्त जिला अध्यक्ष लेंगे शपथ

हरियाणा नगर निकाय चुनाव में प्रचंड जीत से गदगद भाजपा ने सोमवार को पंचकूला स्थित पार्टी कार्यालय पंचकमल में नवनियुक्त जिला अध्यक्ष, नवनिर्वाचित मेयर, और चेयरमैनों का स्वागत और अभिनंदन समारोह का आयोजन किया. इस समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश प्रभारी डॉक्टर सतीश पूनिया, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, डॉक्टर अर्चना गुप्ता, कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी भी उपस्थित रहे.

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नगर निकाय चुनाव में मिली जीत का श्रेय प्रदेश प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष और संगठन मंत्री सहित पूरी भाजपा टीम को दिया और जनता का भी आभार जताया. साथ ही सभी नवनियुक्त जिला अध्यक्षों, नवनिर्वाचित मेयर और चेयरमैनों को जीत की बधाई दी. समारोह में तय किया गया कि 25 मार्च को नगर निकाय चुनाव में जीत कर आए सभी भाजपा पार्षदों और मेयर व चेयरमैनों का शपथ ग्रहण समारोह होगा.

इससे पहले मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी ने आप लोगों को विश्वास करके बड़ी जिम्मेदारी दी है, अब हम सभी की जिम्मेदारी है कि पार्टी ने जो विश्वास जताया है उसका तीन गुणा पार्टी को दें. इसी सोच के साथ मिलकर काम करना है. उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता ने आशीर्वाद और सहयोग दिया तभी इतनी बड़ी जीत मिली है. सीएम ने यह भी कहा कि चुनाव में प्रदेश प्रभारी डॉक्टर सतीश पूनिया, प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली और संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा का मार्गदर्शन मिला और प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार बनी.

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बजट पर बोलते हुए कहा कि पीएम मोदी की 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की परिकल्पना है. पीएम के विजन को ध्यान में रखते हुए विकसित हरियाणा का बजट पेश किया है. सीएम ने कहा कि विकसित भारत के मिशन में हरियाणा और प्रदेशवासी अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे. वहीं भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉक्टर सतीश पूनिया ने कहा कि भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर निकाय चुनाव में मेहनत की है, जिसके परिणाम स्वरूप जीत मिली.

उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही लगातार चुनाव जीत रहे हैं. उन्होंने सभी नवनियुक्त जिला अध्यक्षों और नवनिर्वाचित मेयर और चेयरमैनों को बधाई दी. साथ ही मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा पेश किए गए बजट की सराहना करते हुए कहा कि नायब सरकार का यह बजट हर वर्ग के उत्थान और विकसित हरियाणा बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने सभी निवनियुक्त जिला अध्यक्षों, नव निर्वाचित मेयर, नगरपालिका, नगरपरिषदों के चेयरमैनों को जीत की बधाई देते हुए उनका स्वागत किया. इस मौके पर उन्होंने निवर्तमान जिला अध्यक्षों और चुनाव प्रभारियों की भी जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि भाजपा की पूरी टीम की मेहनत से ही हरियाणा में ट्रिपल इंजन की सरकार बनी है. उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा प्रस्तुत किए गए बजट की तारीफ करते हुए कहा कि यह बजट महिलाओं के सशक्तिकरण को नई उड़ान देगा और हर वर्ग के लोग लाभान्वित होंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *