दिल्ली: जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर बड़ा आतंकी हमला हुआ है. अनंतनाग जिले के पहलगाम में मंगलवार को आतंकियों ने एक प्रमुख पर्यटन स्थल पर घूमने आए पर्यटकों पर गोलीबारी की, जिसमें दो विदेशी पर्यटकों समेत 26 लोगों की मौत होने की खबर है. हमले में कई अन्य पर्यटक घायल हो गए. घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया.
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, पहलगाम शहर के पास एक मशहूर घास के मैदान में आतंकवादियों की गोलीबारी में 26 लोग मारे गए, जिनमें से ज्यादातर पर्यटक थे. रिपोर्ट के मुताबिक, मृतकों में पर्यटक, स्थानीय नागरिक और सेना के जवान शामिल हैं, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं.

इस हमले में मारे गए पर्यटकों में हैदराबाद के खुफिया ब्यूरो (आईबी) के एक अधिकारी, मनीष रंजन भी शामिल हैं. दुखद रूप से, उनकी पत्नी और बच्चों के सामने ही उन्हें गोली मार दी गई. बिहार के मूल निवासी रंजन हैदराबाद में तैनात थे और अपने परिवार के साथ लीव ट्रैवल कंसेशन (एलटीसी) यात्रा पर थे.
वहीं, करनाल के रहने वाला इंडिनय नेवी के अफसर भी इस हमले में शहीद हो गए. 26 वर्षीय विनय नरवाल नौ सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर थे और उनकी पोस्टिंग केरल के कोच्ची में थी. 6 अप्रैल को उनकी शादी हुई थी, जिसके बाद वो पत्नी के साथ पहलगाम गए थे. मृतकों और घायलों की सूची यहां दी गई है.
हमले के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया. अधिकारियों ने बताया कि हमला बैसरन नामक घास के मैदान में हुआ, जहां सिर्फ पैदल या घोड़ों के जरिये ही पहुंचा जा सकता है. यहां आज सुबह पर्यटकों का एक समूह घूमने आया था.
एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, बंदूकधारियों ने पर्यटकों पर नजदीक से गोलियां चलाईं, जिससे कई लोग घायल हो गए.
अधिकारियों ने बताया कि एक हेलिकॉप्टर के जरिये घायलों को निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया. उन्होंने बताया कि कुछ घायलों को स्थानीय लोगों ने घोड़ों के जरिये घास के मैदान से नीचे उतारा.
अधिकारियों ने बताया कि यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भारत दौरे पर हैं और पर्यटन तथा ट्रैकिंग का मौसम जोर पकड़ रहा है. यह हमला दोपहर करीब 3 बजे हुआ. पहलगाम के रिसॉर्ट शहर से करीब छह किलोमीटर दूर बैसरन घास का मैदान है, जो घने देवदार के जंगलों और पहाड़ों से घिरा हुआ है और देश-दुनिया से आने वाले पर्यटकों के बीच खासा लोकप्रिय है.