रक्षाबंधन के अवसर पर राज्य सरकार प्रदेश की महिलाओं और आंगनबाड़ी बहनों को विशेष उपहार दे रही है. जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में मंगलवार को ‘मुख्यमंत्री संग रक्षाबंधनः आंगनबाड़ी बहनों का सम्मान’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. इस मौके पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे और प्रदेश की 1,21,000 आंगनबाड़ी बहनों को राखी के उपहार स्वरूप 501 रुपए की राशि उनके खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर करेंगे. इसके अलावा सभी बहनों को छाता और मिठाई भी भेंट की जाएगी.
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सुबह 11 बजे बिड़ला ऑडिटोरियम में आंगनबाड़ी बहन सम्मान दिवस कार्यक्रम को संबोधित करेंगे. इस दौरान वे आंगनबाड़ी बहनों के कार्यों की सराहना करेंगे और उन्हें प्रोत्साहित करेंगे. कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और राज्य मंत्री डॉ. मंजू बाघमार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी. करीब 1,200 आंगनबाड़ी बहनें कार्यक्रम स्थल पर प्रत्यक्ष रूप से शामिल होंगी, जबकि शेष बहनें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ेंगी.
महिला बाल विकास विभाग के शासन सचिव महेंद्र सोनी ने बताया कि कार्यक्रम में बहनों को सुपोषण के लिए प्रेरित किया जाएगा और उन्हें ‘पोषण शपथ’ भी दिलाई जाएगी. इसका मकसद माताओं और बच्चों के पोषण के लिए और ज्यादा जागरूकता पैदा करना है, ताकि वे इस दिशा में सक्रिय रूप से कार्य कर सकें.
सरकार रक्षाबंधन के दिन महिलाओं और बालिकाओं के लिए मुफ्त सफर की सौगात भी दे रही है. 9 अगस्त को प्रदेश की सभी महिलाएं और बालिकाएं राजस्थान राज्य की सीमाओं के भीतर संचालित रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी. यह सुविधा सिर्फ राज्य के भीतर चलने वाली साधारण और एक्सप्रेस बसों में लागू होगी, जिसमें वातानुकूलित, वोल्वो और अखिल भारतीय अनुज्ञा पत्र वाली बसें शामिल नहीं होंगी. इस नि:शुल्क सेवा के खर्च का पुनर्भरण राज्य सरकार की ओर से राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम को किया जाएगा.
इसके अलावा, 7 अगस्त से 7 सितंबर तक कोयम्बटूर-जयपुर-साप्ताहिक एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन पांच ट्रिप करेगी. कोयम्बटूर से गाड़ी संख्या 06181 हर गुरुवार दोपहर 2:30 बजे रवाना होकर शनिवार को जयपुर दोपहर 1:25 बजे पहुंचेगी. जयपुर से 06182 नंबर की ट्रेन हर रविवार सुबह 10:05 बजे रवाना होकर बुधवार को कोयम्बटूर सुबह 8:30 बजे पहुंचेगी. इस ट्रेन में 7 थर्ड एसी, 4 थर्ड एसी इकोनॉमी, 5 द्वितीय शयनयान और अन्य डिब्बे शामिल रहेंगे.