योगी सरकार का बड़ा फैसला; दिव्यांग छात्रों के भरण-पोषण भत्ते में 2 हजार की बढ़ोतरी

योगी आदित्यनाथ सरकार ने दिव्यांग विद्यार्थियों के भरण-पोषण भत्ते में 2 हजार की बढ़ोतरी कर दी है. अब उन्हें हर महीने 4 हजार रुपये मिलेंगे. यह फैसला छह अगस्त यानि बुधवार से ही प्रभावी हो गया है. दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की ओर से संचालित विशेष विद्यालयों-संस्थाओं में पढ़ने वाले दिव्यांग छात्रों की सुविधाओं के मद्देनजर सरकार ने यह बड़ा कदम उठाया है.

उत्तर प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से दिव्यांगजनों के सामाजिक सशक्तिकरण के लिए लगातार सकारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं. भरण-पोषण भत्ते में की गई यह बढ़ोतरी दिव्यांग विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के लिए बड़ी राहत है. इससे उन्हें काफी सहूलियत मिलेगी.

मंत्री ने बताया कि यह सिर्फ आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि सरकार की संवेदनशील सोच का प्रमाण भी है. सभी वर्गों के हितों को लेकर सरकार गंभीर है. विभाग के प्रमुख सचिव सुभाष चंद्र शर्मा की ओर से पूर्व में 25 अप्रैल 2016 को जारी शासनादेश को संशोधित करते हुए यह निर्णय लिया गया है.

प्रमुख सचिव की ओर से इस निर्णय की सूचना प्रदेश के सभी मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों, मंडलीय उपनिदेशकों, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारियों, विभागीय प्रशिक्षण केंद्रों व आश्रयगृहों के अधीक्षकों और राजकीय विशेष विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को दे दी गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *