मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को पंचकूला में स्वर्ण जयंती हरियाणा वित्तीय प्रबंधन संस्थान के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि इस संस्थान से हरियाणा की वित्तीय सेहत को समझने और सुधार करने में काफी मदद मिलेगी. वित्तीय सुधार से सभी चीजें सुधर जायेगी. इससे पीएम नरेंद्र मोदी का सपना भी पूरा हो जायेगा. इससे न सिर्फ वित्त विभाग को फायदा होगा बल्कि सभी विभाग के अधिकारियों को नीति बनाने में मदद मिलेगी.
सीएम ने आगे कहा कि अब प्रदेश की सभी योजनाओं के लिए इसी भवन में नीतियां बनाई जाएंगी और वित्तीय कामकाज होगा. इस भवन का लाभ सभी विभागों के साथ आम लोगों को भी मिलेगा. इस भवन में नवीन तकनीक से कॉन्फ्रेंस हॉल बनाए गए हैं, जिनका फायदा सभी विभागों को मिलेगा. सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प 2047 तक विकसित भारत में विकसित हरियाणा मजबूती से खड़ा होगा.
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शहरों और अस्पतालों में सफाई व्यवस्था के संबंध में भी अहम बैठक की. उनके साथ बैठक में स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल, स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव और लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा मौजूद रहे. बैठक के बाद उन्होंने कहा कि स्वच्छता को लेकर हरियाणा के शहरों की अलग रैंकिंग तय की जाएगी. केंद्र सरकार जैसे शहरों की स्वच्छता की रैंकिंग तय करती है, उसी तर्ज पर हरियाणा में भी शहरों की स्वच्छता रैंकिंग तय की जाएगी. सीएम ने आरडब्ल्यूए और सामाजिक संस्थाओं से स्वच्छता अभियान में सहयोग की अपील की. उन्होंने कहा कि इसके लिए 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़े में कार्य योजना तैयार की जाएगी.
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अब प्रदेश के सभी जिलों के सरकारी अस्पतालों में निजी अस्पतालों जैसी अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी. इनमें एमआरआई, डिजिटल एक्सरे, डायलिसिस समेत अन्य प्रकार की आधुनिक सुविधाएं शामिल होंगी. उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी सीएमओ और पीएमओ को बैठक में दिशा-निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को पहले चरण तैयार आधुनिक सरकारी अस्पतालों का उद्घाटन होगा, जिनमें सभी सुविधाएं होंगी. इसके बाद शेष बचे कार्यों को भी पूरा किया जाएगा.
विधानसभा के मॉनसून सत्र में विपक्ष की भूमिका पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी मुद्दों को खत्म कर दिया है. प्रधानमंत्री ने आजादी के बाद पहली बार गरीब व्यक्ति और देश को आगे बढ़ाने के लिए योजनाएं और नीतियां बनाई. मुख्यमंत्री ने कहा कि देश ने कांग्रेस को 55 वर्ष मौका दिया लेकिन कुछ नहीं किया गया. उन्होंने कहा कि विपक्ष झूठ की दुकान लेकर बैठा है और केवल एक झूठ की पार्टी है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि चीफ सेक्रेटरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी निगम कमिश्नर, सीएमओ, पीएमओ, एडीसी, डीसी और सरकार के उच्च अधिकारी मौजूद रहे. अन्य अधिकारी भी वर्चुअली बैठक में शामिल हुए. सीएम ने कहा कि विकास और वित्तीय प्रबंधन के लिए एसओपी तैयार कर एक-एक पॉइंट पर चर्चा की जाएगी. माइक्रो स्तर पर चर्चा की जाएगी, क्योंकि कई बार छोटे कार्यों अनदेखा किए जाने से बड़ा बन जाता है. लेकिन अब यदि कोई छोटी परेशानी भी है तो उसका समाधान तुरंत किया जा सकेगा.