गणेश चतुर्थी के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को जयपुर स्थित प्रसिद्ध मोती डूंगरी गणेश मंदिर में सपत्नीक दर्शन किए. उन्होंने पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि के लिए मंगल कामना की.
सीएम शर्मा ने इस अवसर पर सभी प्रदेशवासियों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्री गणेश सुख और समृद्धि के दाता हैं. उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस बार अच्छी बारिश हो रही है. हमारा प्रदेश हरियाली राजस्थान की ओर आगे बढ़ रहा है. साथ ही किसान, महिला, युवा और गरीब के विकास से विकसित राजस्थान के संकल्प को गति मिल रही है. सीएम ने कामना की कि भगवान गणेश की कृपा से सभी प्रदेशवासियों के जीवन में सुख-समृद्धि आए.
इसी क्रम में गणेश चतुर्थी के अवसर पर प्रदेश भाजपा मुख्यालय पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की. उन्होंने प्रदेश और देश में शांति और खुशहाली की कामना करते हुए सभी देशवासियों को पर्व की बधाई दी. राठौड़ ने कहा कि यह पर्व हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जाता है. प्रार्थना है कि गणपति बप्पा सभी की जीवन यात्रा से विघ्नों को दूर करें. यह पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ हर किसी के जीवन में मंगल और कल्याण लाए, भगवान गजानन सभी को सुख, शांति और उत्तम स्वास्थ्य का आशीर्वाद प्रदान करें.