हरियाणा कैबिनेट की आज मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में बैठक हुई जिसमें बीजेपी के चुनावी संकल्प पत्र के वादे को पूरा करते हुए लाडो लक्ष्मी योजना पर मुहर लगा दी गई और हरियाणा की महिलाओं को बड़ी सौगात दी गई.
25 सितंबर से लागू होगी लाडो लक्ष्मी योजना : हरियाणा सीएम ने कैबिनेट की बैठक के बाद जानकारी देते हुए बताया कि 25 सितंबर से हरियाणा में लाडो लक्ष्मी योजना लागू की जाएगी. हर महीने पात्र महिला को 2100 रुपए मिलेंगे. नायब सिंह सैनी ने बताया कि कुछ ही दिनों में लाडो लक्ष्मी योजना को लागू करने का नोटिफिकेशन भी सरकार की ओर से जारी कर दिया जाएगा. उन्होंने बताया कि इस योजना के लिए एक ऐप भी बनाया जाएगा.
किसको मिलेगा योजना का लाभ ? : हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि 25 सितंबर के बाद से हर महीने पात्र महिला को 2100 रुपए दिए जाएंगे. 23 साल से अधिक सभी महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलेगा. विवाहित हो या अविवाहित महिला सभी को लाडो लक्ष्मी योजना का फायदा मिलेगा. पहले चरण में एक लाख से कम आय वाले परिवार को इसमें शामिल किया है. आने वाले वक्त में अन्य आय समूहों को भी इसमें शामिल किया जाएगा. जिसे लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ मिलेगा उसे पिछले पंद्रह साल से हरियाणा का निवासी होना जरूरी है. अगर एक परिवार में तीन पात्र महिलाएं हैं तो उन सभी को ये लाभ मिलेगा.
पेंशन पा रही महिलाओं को लाभ नहीं मिलेगा : हरियाणा सीएम ने आगे बोलते हुए कहा कि “सरकार की पहले से चल रही योजनाओं से अगर किसी महिला को 2100 से ज्यादा का लाभ मिल रहा है तो उसको ये लाभ नहीं मिलेगा. पहले से पेंशन पा रही महिलाओं को इस स्कीम का लाभ नहीं मिलेगा.
गंभीर बीमारियों से पीड़ित महिलाओं को भी लाभ : सीएम ने कहा कि हालांकि गंभीर बीमारियों से पीड़ित महिलाओं को इसका भी लाभ मिलेगा. स्टेज 3 और 4 कैंसर, सूचीबद्ध 54 दुर्लभ बीमारियों, हीमोफिलिया, थैलेसिलमिया और सिकल सेल से पीड़ित जिन आवेदकों को पहले से पेंशन का लाभ मिल रहा है, उन महिलाओं को इसका लाभ मिलेगा. जिस दिन संबंधित महिला वृद्धा अवस्था में पहुंचेगी और अगर विधवा होती है तो उसको उस कैटेगिरी की पेंशन खुद मिलेगी. करीब 19 लाख महिलाओं को इसका लाभ मिलेगा. अगले सप्ताह के अंदर गैजेट नोटिफिकेशन और ऐप लॉन्च होगा.
घर से अप्लाई कर पाएंगी महिलाएं : घर से ही पात्र महिलाएं अप्लाई कर पाएंगी. हम पात्र महिलाओं को आवेदन करने के लिए मैसेज भी भेजेंगे. सभी पात्र महिलाओं की सूची सभी पंचायत और वार्डों में प्रकाशित की जाएगी. सभी ग्राम सभाओं और वार्ड सभाओं को सूची पर कोई भी आपत्ति दर्ज करने का अधिकार होगा. सभी महिलाओं को इसके लिए बधाई. मोदी जी की सरकार जो कहती है उसको पूरा करती है.”
कांग्रेस, AAP पर निशाना : उन्होंने इस दौरान कांग्रेस और पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने कभी अपने वादे पूरे नहीं किए लेकिन हरियाणा की बीजेपी सरकार ने जो भी वादे किए थे, सभी को पूरा किया जा रहा है.
सीएम ने अचानक दिया सरप्राइज़ : हरियाणा सीएम नायब सिंह ने आज बड़ा सरप्राइज़ देते हुए हरियाणा की महिलाओं को ये सौगात दी. इससे पहले उन्होंने कहा था कि पहले बजट में लाडो लक्ष्मी योजना के लिए 5000 करोड़ रुपए का प्रावधान भी कर दिया गया है और दूसरे बजट आने के साथ ही इसे लागू कर दिया जाएगा. लेकिन आज सीएम नायब सिंह सैनी ने अचानक कैबिनेट बैठक बुलाई जिसका एक ही एजेंडा था और आज ही लाडो लक्ष्मी योजना पर मुहर लगा दी गई.