हरियाणा में बंपर निवेश करेगी जापान की कंपनियां, नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में MOU साइन

हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी इस वक्त जापान के दौरे पर हैं और उनकी कोशिश हरियाणा में ज्यादा से ज्यादा निवेश लाने की है. उनकी इस कोशिश को कामयाबी भी मिल रही है और जापान की दो कंपनियां कुबोटा और डाइकिन हरियाणा में कुल 3000 करोड़ रुपए का निवेश करने वाली है. इसके लिए हरियाणा सरकार के साथ एमओयू साइन किया गया है.

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में जापान दौरे पर गए राज्य के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को ओसाका स्थित कुबोटा ट्रैक्टर प्लांट का दौरा किया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की और हरियाणा में कृषि उपकरण निर्माण क्षेत्र में संभावित निवेश और तकनीकी सहयोग के अवसरों पर विस्तार से चर्चा की.

बैठक के दौरान कुबोटा कंपनी ने एक्सकोर्ट के साथ मिलकर हरियाणा में 2000 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की. कुबोटा का ये निवेश हरियाणा के औद्योगिक और कृषि दोनों क्षेत्रों के लिए एक बड़ा कदम साबित होगा. इससे ना केवल आधुनिक कृषि तकनीक राज्य में आएगी बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए मौके भी पैदा होंगे.

हरियाणा सरकार और जापान की प्रसिद्ध कंपनी डाइकिन इंडस्ट्रीज लिमिटेड के बीच बुधवार को ओसाका में एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए. इस एमओयू के तहत डाइकिन कंपनी हरियाणा में 1000 करोड़ रुपये के निवेश से एक नया रिसर्च एंड डेवलपमेंट (आरएंडडी) सेंटर स्थापित करेगी जिससे युवाओं को रोजगार के मौके मिलेंगे. एमओयू पर हरियाणा की ओर से उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ अमित अग्रवाल और डाइकिन इंडस्ट्रीज लिमिटेड की ओर से शोगो एंडो उप प्रबंध निदेशक ने हस्ताक्षर किए. डाइकिन के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि हरियाणा में स्थापित होने वाला ये आरएंडडी सेंटर कंपनी का एक प्रमुख अनुसंधान केंद्र होगा. इससे हरियाणा और जापान के बीच द्विपक्षीय संबंधों और व्यापारिक गतिविधियों को और मजबूती मिलेगी.

प्रतिनिधिमंडल ने हरियाणा सरकार की उद्योग-अनुकूल नीतियों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार निवेशकों को आकर्षित करने के लिए एक सशक्त औद्योगिक वातावरण तैयार कर रही है. उन्होंने कहा कि हरियाणा में उद्योग स्थापित करने के लिए सरल और पारदर्शी प्रक्रियाएं अपनाई गई हैं, जिससे निवेशकों को शीघ्र जरूरी अनुमतियां मिल सकें. प्रतिनिधिमंडल में हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ अमित अग्रवाल, एचएसआईआईडीसी के प्रबंध निदेशक डॉ. यश गर्ग और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *