JAISALMER BUS FIRE : निजी बस में लगी आग, 21 यात्रियों की मौत, PM मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान

जिले के जैसलमेर-जोधपुर मार्ग पर सेना के वॉर म्यूजियम के पास मंगलवार को यात्रियों से भरी निजी बस में आग लग गई. इस हृदय विदारक हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई. वहीं, 14 घायलों का जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल में इलाज चल रहा है. घटना में हुई मौतों की पुष्टि करते हुए पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी ने कहा कि 19 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 2 घायल की जोधपुर में मौत हुई है. उन्होंने बताया कि शवों की पहचान डीएनए टेस्ट के जरिए की जाएगी. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने जैसलमेर बस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है.

राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि जैसलमेर, राजस्थान में एक बस में आग लगने से कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है. मैं शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं.

वहीं, PMO की ओर से जारी बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है. पीएम ने PMNRF से ₹2 लाख मृतकों के परिजनों को और ₹50,000 घायलों को सहायता राशि देने की घोषणा की है.

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने लिखा कि राजस्थान के जैसलमेर में बस में आग लगने की दुखद घटना में लोगों की मौत से बहुत दुख हुआ. दुखी परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करता हूं.

मीडिया से बातचीत करते हुए विधायक महंत प्रतापपुरी ने बस हादसे को दुखद और हृदय विदारक घटना बताया. उन्होंने कहा कि इस हादसे से पूरा देश और प्रदेश व्यथित है. उन्होंने बताया कि इस घटना में 19 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, एक घायल को जोधपुर रैफर किया गया था, उसकी भी मौत हो गई है. बस हादसे में गंभीर रूप से झुलसे 10 साल के एक बच्चे की भी जोधपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई. इसके बाद अब मृतकों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है. इस हादसे के बाद मुख्यमंत्री भी भावुक थे. उन्होंने बताया कि अब शवों की पहचान डीएनए टेस्ट के जरिए की जाएगी. विधायक ने कहा कि प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट के कारण बस में आग लगी है. हादसे में घायल हुए लोगों को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर जोधपुर ले जाया गया. घायलों का इलाज जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल में चल रहा है.

हादसे पर जैसलमेर जिला कलेक्टर प्रताप सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद रही और राहत एवं बचाव कार्य पूरी तत्परता के साथ किया गया. दुर्घटना में घायल यात्रियों को जैसलमेर जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर के लिए रेफर किया गया. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की दिवंगत यात्रियों के प्रति गहरी संवेदना है, हम इस दुखद घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ हैं. कलेक्टर ने कहा कि ‘मैं मृतक यात्रियों के परिजनों से अपील करता हूं कि वे अपने परिवार के सदस्य या परिचित की पहचान सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन की हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें’.

हेल्प लाइन नंबर 9414801400, 8003101400, 02992-252201, 02992-255055 हैं. मृतकों की पहचान के लिए उनके निकटतम परिजनों के DNA सैंपल लेने के लिए महात्मा गांधी अस्पताल, जोधपुर के कॉटेज संख्या 4 एवं 5 में विशेष व्यवस्था की गई है. इसके लिए हेल्पलाइन नंबर हैं : महात्मा गांधी अस्पताल, जोधपुर : 09414159222, राज्य विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL), जोधपुर : 09414919021. जैसलमेर के महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर- ट्रॉमा सेंटर, जवाहर अस्पताल, जैसलमेर : 9460106451, 9636908033.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *