मुख्यमंत्री सैनी ने ‘एक साल घणा कमाल’ कार्यक्रम में उपलब्धियां गिनाईं

हरियाणा विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से प्रगति कर रहा है. शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, बिजली, पानी, महिला सशक्तिकरण, रोजगार, युवा, गरीब, मध्यम वर्ग, दुकानदार, व्यापारी हर वर्ग को बड़े स्तर पर लाभ मिला है. हरियाणा में बुढ़ापा पेंशन भी अब तीन हजार रुपये से बढ़ाकर 3200 रुपये कर दी गई है. इसके अलावा हरियाणा के विभिन्न जिलों और जीटी रोड बेल्ट में इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप के लिए किसानों से जमीन आमंत्रित भी की गई है, जिससे प्रदेश में रोजगार के हजारों अवसर पैदा होंगे.” यह जानकारी प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य सरकार के तीसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने पर आज, शुक्रवार को पंचकूला सेक्टर-5 स्थित इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में दी.

उनके साथ विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, कालका से विधायक शक्ति रानी शर्मा समेत अन्य नेता और प्रदेश के मुख्य सचिव मौजूद रहे. इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण सभी जिलों में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रमों में किया गया.

Ek Saal Ghana Kamal

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि “वह हाल ही में जापान यात्रा से लौटे हैं. बताया कि जापान दौरे के दौरान 9 जापानी कंपनियों ने हरियाणा में लगभग 5 हजार करोड़ रुपये के निवेश करने को रजामंद होते हुए एमओयू साइन किए हैं. इससे हरियाणा के 15 हजार युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है. इसके अलावा, उद्योगपतियों और कंपनियों ने तंजानिया, केन्या, रवांडा आदि अफ्रीकी देशों का दौरा किया और तंजानिया में तो उद्योग भी स्थापित कर लिए हैं.

सीएम ने कहा कि “पिछले दिनों 13 प्रगतिशील किसानों का एक दल कृषि मंत्री के नेतृत्व में केन्या गया, जहां कृषि की संभावनाओं और फूलों की खेती करके वहां से अन्य देशों में एक्सपोर्ट करने का खाका तैयार किया गया है.” उन्होंने कहा कि “सरकार की प्रोत्साहन योजनाओं का ही परिणाम है कि आज हरियाणा देश-विदेश के निवेशकों की पहली पसंद बन गया है. ‘हरियाणा स्टार्टअप नीति 2022’ के तहत आज राज्य में 9500 से अधिक स्टार्टअप हैं. प्रदेश में 19 यूनिकॉर्न कंपनियां हैं. इनके अलावा 250 से अधिक फॉर्च्यून-500 कंपनियां भी यहां हैं. गुरुग्राम आज आईटी और स्टार्टअप्स का वैश्विक केंद्र बन चुका है. ‘ग्लोबल सिटी प्रोजेक्ट’ के रूप में गुरुग्राम में एक हजार एकड़ की टाउनशिप बन रही है. नारनौल में लॉजिस्टिक हब, हिसार में मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर और सोहना में इलेक्ट्रॉनिक्स पार्क विकसित किया जा रहा है.

Ek Saal Ghana Kamal

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि “उद्योग हमारी अर्थव्यवस्था का मूल आधार हैं. औद्योगिक विकास को गति देने के लिए ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ का एक इको-सिस्टम तैयार किया है. प्रोत्साहन योजनाओं का परिणाम है कि प्रदेश में पिछले 11 सालों में 12,20,872 सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों का पंजीकरण हुआ है, जिनमें 28,377 करोड़ 59 लाख रुपये का निवेश हुआ है. आईएमटी खरखौदा में मारुति सुजुकी का सबसे बड़ा प्लांट शुरू होने जा रहा है. इसमें 18 हजार करोड़ रुपये का निवेश होगा और 10 हजार रोजगार के अवसर पैदा होंगे.

सीएम प्रदेश में 5 लाख महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य बताते हुए कहा कि “अब तक स्वयं सहायता समूहों की 2.13 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जा चुका है. केंद्र सरकार की ‘नमो ड्रोन दीदी’ के तहत 100 महिलाओं को ड्रोन उड़ाने का प्रशिक्षण देकर उन्हें मुफ्त ड्रोन दिए गए. इस वर्ष 100 और महिलाओं को मुफ्त ड्रोन प्रशिक्षण दिया जा रहा है. आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मासिक मानदेय में 750 रुपये और सहायिका के मासिक मानदेय में 400 रुपये की बढ़ोतरी की है. महिलाओं की आजीविका के अवसर बढ़ाने के लिए एक-तिहाई राशन डिपो महिलाओं को देने का प्रावधान किया है. अटल किसान मजदूर कैंटीन और वीटा बिक्री केन्द्रों का संचालन भी महिलाओं को सौंपा है. इनके अलावा सड़क परियोजनाओं, एक्सप्रेस-वे और सुगम ट्रांसपोर्ट प्रणाली बारे भी उपलब्धियां गिनाईं.

कार्यक्रम में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा, नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव एके सिंह, डीजीपी ओपी सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, हाउसिंग फॉर ऑल विभाग के आयुक्त एवं सचिव मोहम्मद शाइन समेत मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ साकेत कुमार, पंचकूला के उपायुक्त सतपाल शर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *