चिकित्सा विभाग में जल्दी ही 15 हजार पदों पर भर्तियां होंगी. बुधवार को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने बताया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग ने अब तक 35 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूर्ण करते हुए 28 हजार से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति दे दी है. जबकि 15 हजार पदों पर जल्द नियुक्तियां होंगी.
खींवसर ने बताया कि वर्तमान सरकार का कार्यकाल प्रारंभ होने से पूर्व चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में बड़ी संख्या में पद रिक्त थे. इससे स्वास्थ्य सेवाओं की सुगम पहुंच प्रभावित हो रही थी. शहरों में भी बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कार्मिकों के पद रिक्त थे. वहीं गांवों एवं कस्बों में तो स्थिति इससे भी अधिक विकट थी. ऐसे में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने समयबद्ध रूप से भर्तियां करने के निर्देश दिए. इसकी पालना में विभाग ने करीब 50 हजार पदों पर भर्तियां करने का लक्ष्य निर्धारित किया था. अब तक 35 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती का कार्य पूरा कर लिया गया है. करीब 15 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन है, जो भी शीघ्र पूरी होगी.
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि विभाग ने अराजपत्रित संवर्ग में 20630 पद, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 10657 पद, मेडिकल ऑफिसर के 1700 पद और चिकित्सा शिक्षा विभाग 2300 से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूर्ण की है. इनमें से 28 हजार से अधिक पदों पर नियुक्तियां दी जा चुकी हैं. शेष पर पदस्थापन की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है. राठौड़ ने बताया कि विभाग में करीब 15 हजार पदों पर भर्ती की कार्यवाही चल रही है. इनमें से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत करीब 12 हजार पदों पर भर्ती की जा रही है.
उन्होंने बताया कि हाल ही राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा 22 संवर्गों के करीब 10 हजार पदों पर परीक्षा आयोजित की जा चुकी है. इनमें से 11 संवर्गों के करीब 5 हजार पदों का परिणाम भी जारी हो चुका है. इसी प्रकार आयुष अधिकारी के 1535 पदों के लिए विज्ञप्ति जारी की जा चुकी है. एलोपैथिक मेडिकल ऑफिसर के 166 पद तथा ब्लॉक हेल्थ सुपरवाइजर, मैकेनिक, काउंसलर, डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर, साइकोलॉजिस्ट, जूनियर स्टैटिकल असिस्टेंट, एपिडेमियोलॉजिस्ट, डिस्ट्रिक्ट क्वालिटी मैनेजर के 1578 पदों पर शीघ्र ही प्रेषित की जाएगी.