सनातन पदयात्रा का 9वां दिन; पं. धीरेंद्र शास्त्री बोले- ‘युवाओं को समझाओ, यह देश बाबर का नहीं, रघुवर का है’

हम इस्लाम धर्म के सभी भाइयों से कहेंगे कि हम भी तुम्हारे हैं, इसमें कोई शक नहीं, तुम भी हमारे हो, इसमें कोई शक नहीं. यदि हम विरोधी होते तो अब्दुल कलाम को सैल्यूट न करते. रहीम, रसखान के दोहे न गाते. आप भी अपने बच्चों को समझाओ कि वो डॉक्टर की पढ़ाई करके भी आतंकवादी ना बनें, अब्दुल कलाम बनें. यह बात अपने बच्चों को समझाओ, युवाओं को समझाओ, क्योंकि यह देश बाबर का नहीं, रघुवर का है. यह बातें शनिवार को पं. धीरेंद्र शास्त्री ने सनातन एकता पदयात्रा के 9वें दिन मथुरा में कहीं.

उन्होंने कहा कि भारत मातृत्व का देश है. यहां गाय को माता कहा जाता है, गंगा को भी माता कहा जाता है. यमुना को माता कहा जाता है, गायत्री को माता कहा जाता है. इसलिए भारत को भी भारत माता कहा जाता है, लेकिन कुछ मजहबी कट्टरपंथी कहेंगे कि हम जय नहीं बोलेंगे. जब आपको भारत माता कहने में दिक्कत है, तो यहां क्यों रहते हो, लाहौर का टिकट कटवा लो.

पं. धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि हम तुम्हारे विरोधी नहीं हैं, लेकिन हमें इन बातों पर भी ध्यान देना होगा. हिंदू वह नहीं है, जो मुसलमानों को गालियां दे, हिंदू वह है, जो सनातन को तालियां दे. हमें हिंदू यात्रा से इस्लाम और ईसाइयों का विरोध नहीं करना है. हमें इस यात्रा से अपनी संस्कृति को आगे बढ़ाना है. हमें घरों पर भगवा ध्वज लगाना है. गांवों से छूआछूत मिटाना है. भारत को भव्य बनाना है.

बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री ने साधु-संतों के साथ दोपहर का भोजन किया. साथ में जया किशोरी, पुंडीरक गोस्वामी अयोध्या के महंत भी शामिल रहे.

बागेश्वर धाम सरकार धीरेंद्र शास्त्री की पदयात्रा का आज 9वां दिन है. उनके बांके बिहारी मंदिर पहुंचने की घड़ियां नजदीक आती जा रही हैं. यह पदयात्रा इस समय मथुरा के छाता इलाके से वृंदावन की तरफ बढ़ रही है. 16 नवंबर को श्रीठाकुर जी बांके बिहारी मंदिर में दर्शन के बाद यात्रा का समापन होगा. लाखों लोग इस पदयात्रा में जयकारा लगाते हुए आगे बढ़ रहे हैं.

सनातन एकता धार्मिक पदयात्रा में आज यानी शनिवार को कई फिल्म अभिनेता-अभिनेत्री और राजनेता शामिल होंगे. शुक्रवार को भी राजा भैया अपने बेटे के साथ धीरेंद्र शास्त्री की पदयात्रा में शामिल हुए और आशीर्वाद लिया. बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी भी यात्रा में पहुंची और बागेश्वर महाराज के साथ सड़क पर बैठीं. अभिनेता राजपाल यादव भी कदम ताल करते नजर आए. आज भी इस पदयात्रा में कई सेलिब्रिटीज के शामिल होने की सूचना है.

बागेश्वर धाम पीठाधीश धीरेंद्र शास्त्री सनातन एकता धार्मिक पदयात्रा 7 नवंबर से दिल्ली छतरपुर से प्रारंभ हुई है. धीरे-धीरे यह समापन की ओर बढ़ रही है. 16 नवंबर को वृंदावन के श्रीठाकुरजी बांके बिहारी मंदिर ध्वजा चढ़ाकर यात्रा का समापन किया जाएगा. शनिवार को पदयात्रा लाखों समर्थकों के साथ मथुरा छाता से छटीकरा के लिए प्रस्थान कर रही है. समर्थक एक ही नारे के साथ आगे बढ़ते जा रहे हैं. नारा है, सनातन धर्म को एकजुट करना है. हिंदुओं को जागृत करना है.

शनिवार को धीरेंद्र शास्त्री की पदयात्रा मथुरा के छाता में आगरा-दिल्ली राजमार्ग के किनारे संस्कृति यूनिवर्सिटी के मैदान से प्रारंभ होगी. लाखों समर्थकों के साथ छठी कर के अकबरपुर के पास पहुंचेगी. करीब 7.5 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद रात्रि में विश्राम होगा. 16 नवंबर को यह पदयात्रा अकबरपुर से छटीकरा और फिर वृंदावन पहुंचेगी.

बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री की पदयात्रा को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. तीन लेयर में धीरेंद्र शास्त्री की सुरक्षा की जा रही है. पुलिस बल और पीएसी जवानों के साथ आरएएफ की कंपनियां तैनात हैं. सुरक्षा घेरे में किसी भी व्यक्ति को धीरेंद्र शास्त्री के पास आने की इजाजत नहीं है. ड्रोन कैमरे और सीसीटीवी से निगरानी रखी जा रही.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *