गुरु तेग बहादुरजी के 350वें शहीदी दिवस पर यमुनानगर से निकाली गई चौथी यात्रा, सीएम सैनी ने किया शुभारंभ

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में यमुनानगर से चौथी यात्रा का शुभारंभ किया.सीएम सैनी आज यमुनानगर में सिखों के नौवें गुरु, श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए. उन्होंने साढ़ौरा स्थित ऐतिहासिक गुरुघर पहुंचकर शीश नवाया और गुरु साहिब की पावन स्मृति में मत्था टेका.

सीएम ने गुरु तेग बहादुर जी की सर्वोच्च शहादत को नमन करते हुए कहा कि, “उनका जीवन पूरी मानवता के लिए प्रेरणादायक है.गुरु तेग बहादुर जी ने धर्म, सत्य और मानव मूल्यों की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया, जो हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा. यह हरियाणा का सौभाग्य है कि गुरु तेग बहादुर जी की स्मृति में निकाली जा रही ‘हिन्द की चादर यात्रा’ का आयोजन प्रदेश में हो रहा है. यह पवित्र यात्रा हरियाणा के विभिन्न जिलों से होकर गुजर रही है और इसका उद्देश्य गुरु साहिब के ऐतिहासिक बलिदानों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है. यह यात्रा 24 नवंबर को कुरुक्षेत्र में संपन्न होगी, जहां प्रदेश की सभी यात्राएं एकत्रित होंगी.”

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि, “25 नवंबर को कुरुक्षेत्र में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय महा समागम में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शिरकत करेंगे और गुरु तेग बहादुर जी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे. प्रधानमंत्री की उपस्थिति इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक और अविस्मरणीय बनाएगी.” मुख्यमंत्री सैनी ने प्रदेश के युवाओं से आह्वान किया कि वे गुरु तेग बहादुर जी के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र के उत्थान में योगदान दें.

इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा, पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुज्जर सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. इसके अलावा, हरियाणा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य तथा बड़ी संख्या में सिख संगत ने हिस्सा लिया और गुरु साहिब के प्रति अपनी आस्था प्रकट की.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *