अंता उपचुनाव के बाद भाजपा एक्टिव मोड में, CM भजनलाल ने संगठन के साथ की रणनीतिक बैठक

अंता उपचुनाव में हार के बाद अब भजनलाल सरकार जनता के बीच पकड़ मजबूत करने में जुट गई. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सत्ता और संगठन के बीच संवाद कर रहे हैं. इसी कड़ी में सीएम ने बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर भरतपुर और उदयपुर संभाग के भाजपा जिला और मंडल अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं के साथ संगठन संबंधी विषयों पर चर्चा की. प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी, राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ मौजूद रहे.

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भाजपा में मेहनती और निष्ठावान कार्यकर्ता संगठन से लेकर और समाज देश की सेवा में तत्पर रहता है. इससे वह सदैव आगे बढ़ता है. सम्मान भी पाता है. विपक्ष झूठे और अनर्गल बयानों के जरिए भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा है. भाजपा के नेता और कार्यकर्त्ता कांग्रेस के दुष्प्रचारों का जवाब तथ्यों से दें.

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा परिवार की तरह है. हर कार्यकर्ता के लिए पार्टी कार्य सर्वोपरि है. दायित्व पूरी निष्ठा से निभाएं और मंडल स्तर की नियमित बैठकें करें. मेहनती कार्यकर्ता और पदाधिकारी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और 2 वर्षों की उपलब्धियों को सोशल मीडिया एवं अन्य प्लेटफॉर्म के जरिए आमजन तक पहुंचाएं. पार्टी की रीति और नीति को भी हर वर्ग तक पहुंचाएं. जिलाध्यक्ष और मंडल अध्यक्ष जनसेवा के साथ समस्या समाधान के लिए कार्य करें.

मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में विकसित राजस्थान का संकल्प पूरा करने के लिए डबल इंजन सरकार काम कर रही हैं. कांग्रेस सरकार में जो कार्य 5 साल नहीं हो सके, वह हमने 23 माह में पूरे किए. यह उपलब्धि आमजन तक पहुंचाना जरूरी है. प्रधानमंत्री शहरी एवं ग्रामीण आवास, प्रधानमंत्री स्वनिधी, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, सहकारी ऋण का वितरण, गोपाल क्रेडिट कार्ड और खाद्य सुरक्षा योजना जैसी योजनाओं का लाभ प्रदेश के लाखों लोगों को मिल रहा है.

सीएम ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने भेदभाव और तुष्टीकरण के आधार पर वार्डों और पंचायतों को जोड़ा और तोड़ा, लेकिन हमने तथ्यों और जरूरत देख पुनर्गठन किया. इसलिए सभी कार्यकर्ता आगामी निकाय और पंचायतीराज चुनाव की तैयारी करें. नए लोगों को पार्टी से जोड़े. भाजपा में कार्यकर्ता को काम के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिलता है. कांग्रेस की गुटबाजी सब जानते हैं. भाजपा के कार्यकर्ता और पदाधिकारी कांग्रेस के दुष्प्रचारों का जवाब तथ्यों से दें. कांग्रेस के बड़े घोटाले आज भी आमजन को याद हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने प्रदेश में युवाओं को 92 हजार नियुक्तियां दी. राइजिंग राजस्थान से 35 लाख करोड़ रुपए के एमओयू किए. इनमें 7 लाख करोड़ के एमओयू धरातल पर उतर गए. राज्य सरकार प्रवासी राजस्थानी दिवस का आयोजन करेगी, जो प्रवासी राजस्थानियों को प्रदेश की मिट्टी से जोड़ेगा. राज्य सरकार ने दो बजटों में सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों को बिना भेदभाव के विकास कार्यों की सौगातें दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *