पंचकल्याणक महोत्सव में CM योगी का संदेश- ‘भारत की ऋषि-मुनी परंपरा ही विश्व कल्याण का मार्ग

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को गाजियाबाद के दौरे पर रहे. इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने मुरादनगर स्थित भगवान पार्श्वनाथ का जन्म कल्याणम् एवं 100 दिवस में नवनिर्मित गुफा का लोकार्पण किया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंच से संबोधन के दौरान कहा,आज मुझे इस गुफा मंदिर में भगवान पार्श्वनाथ और क्रांतिकारी संत पूज्य तरूण सागर महाराज की स्मृतियों को नमन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ.

मुख्यमंत्री योगी ने कहा, आध्यात्मिक उन्नयन के लिए सुरक्षित, सुसभ्य और साफ-सुथरा वातावरण चाहिए, यह भारत ने ही पहले दुनिया को दिया है और आज भी भारत ही इस कार्य को कर रहा है. हमें इस बात पर गर्व होना चाहिए हम सभी आध्यात्मिक संदेशों और भारत की ऋषि मुनि परंपरा को लेकर बढ़ रहे हैं. यदि हम सभी इसका आत्मसात करते हैं तो यही विश्व मानव कल्याण का मार्ग प्रशस्त कर सकता है.

मुख्यमंत्री योगी ने आगे कहा, देश के प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली में विश्व नवकार महामंत्र दिवस के अवसर पर एक कार्यक्रम का उद्घाटन किया था, जिसमें उन्होंने नौ संकल्प सभी लोगों को प्रदान किए थे, जिसमें पानी का बचाव, एक पेड़ मां के नाम, स्वच्छता का मिशन, वोकल फोर लोकल, देश दर्शन, प्राकृतिक खेती, स्वस्थ जीवन शैली अपनाने, योग और खेल को जीवन में लाना और गरीबों के कल्याण के लिए सदैव समर्पित भाव से कार्य करना शामिल है.’

सीएम योगी ने कहा, “मैंने यहां श्री प्रसन्ना जी महाराज उपाध्याय मुनीश्री पीयूष जी महाराज की दिनचर्या के बारे में जाना. श्री प्रसन्ना जी महाराज के बारे में सुना कि उनके द्वारा सुसंपन्न 557 दिनों की अ‌द्भुत, अकल्पनीय, सिंहनिष्क्रीडित व्रत की साधना, जिसमें 496 दिनों के निर्जल उपवास किये और मात्र 61 दिनों की लघु पारणा की. इन चीजों से हमें पता चलता है कि यदि हम संकल्प ले लें तो पिंड में ही ब्रह्मांड समाया यानी हमें जो सब कुछ बाहर दिखाई देता है, वह सब हमें अपने शरीर के अंदर ही दिखाई देगा.

इस पवित्र कार्यक्रम पंच कल्याणक महा महोत्सव में भगवान पार्श्वनाथ और क्रांतिकारी संत तरुण सागर जी महाराज के स्मृतियां को देखने एवं पावन गुफा मंदिर के लोकार्पण समारोह में भाग लेकर मुझे अत्यंत प्रसन्नता हुई है, मैं आयोजकों का आभार व्यक्त करता हूं.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *