भजनलाल सरकार की दूसरी वर्षगांठ: प्रचार रथ पर होगी सवारी, डोर-टू-डोर पहुंचेगी उपलब्धियों की बयार

प्रदेश की भजनलाल सरकार को 15 दिसंबर को पूरे दो साल हो जाएंगे. इस मौके पर सरकार और भाजपा संगठन मिलकर एक व्यापक जनसंपर्क अभियान की तैयारी में हैं. दो सप्ताह का एक प्रचार अभियान शुरू होगा. इसमें ‘डोर-टू-डोर’ संपर्क और विशेष प्रचार रथों के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को गांव-ढाणी के आमजन तक पहुंचाया जाएगा. पेपर लीक पर कार्रवाई, लाखों सरकारी नौकरियां, सस्ती गैस सिलेंडर योजना और बड़े विकास कार्यों को प्रमुखता से प्रचारित किया जाएगा. इसका उद्देश्य न केवल सरकार की योजनाओं की जानकारी देना है, बल्कि संभावित पंचायत एवं निकाय चुनावों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करना भी है. मंत्रियों, विधायकों और कार्यकर्ताओं को ग्रासरूट स्तर तक सक्रिय करते हुए, यह अभियान सीधे जनसंवाद पर केंद्रित होगा.

भाजपा के प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता हर गांव और ढाणी तक जाकर सरकार की योजनाओं को पहुंचाएंगे और जनता से सीधा संवाद करेंगे. प्रदेश की सरकार ने इन दो साल में कई ऐतिहासिक काम किए. इन कामों को आमजन तक पहुंचाने के लिए मंडल और बूथ स्तर तक पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय की है. डोर टू डोर अभियान चलाकर और बड़े आयोजनों के जरिए उपलब्धियों को गांव-ढाणी तक पहुंचाया जाएगा. इसमें पेपर लीक पर कार्रवाई, ईआरसीपी, 450 रुपए में गैस सिलेंडर, युवा-किसान-महिला योजनाएं, 93 हजार सरकारी नौकरियां और 20 हजार करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास सहित जनकल्याण को लेकर लिए गए निर्णय शामिल हैं.

इन उपलब्यों पर होगा जोर:

  • आर्थिक विकास: राजस्थान को 350 बिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य और पूंजीगत व्यय में 65% की वृद्धि.
  • रोजगार सृजन: 92,000 से अधिक सरकारी नौकरियां देना और पेपर लीक माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई.
  • कल्याणकारी योजनाएं: 450 रुपए में रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के तहत वित्तीय सहायता बढ़ाना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और अन्य योजनाओं के तहत लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे राशि हस्तांतरण (डीबीटी) करना.
  • कैशलेस इलाज: ‘आयुष्मान आरोग्य योजना’ के तहत 25 लाख तक का कैशलेस इलाज.
  • बुनियादी ढांचा: प्रमुख जल आपूर्ति परियोजनाएं और सिंचाई क्षेत्र में सुधार के लिए 75 करोड़ खर्च करना.
  • नई नीतियां: राजस्थान लॉजिस्टिक्स पॉलिसी-2025, डेटा सेंटर पॉलिसी-2025 और टेक्सटाइल्स एंड अपैरल पॉलिसी-2025 जैसी नई नीतियां लॉन्च करना.

उन्होंने बताया कि सरकार की उपलब्धियों के प्रचार के लिए विशेष रथ तैयार किए गए हैं, जो सभी जिलों और 200 विधानसभा क्षेत्रों में घूमेंगे. इन रथों की जिम्मेदारी संगठन के पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है, ताकि आमजन तक सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *