दिल्ली में सीएम सैनी ने पीएम मोदी और अमित शाह से की मुलाकात, विपक्ष पर बोले- ‘गलत प्रचार कर देश को करता है गुमराह’

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने दिल्ली में आज हरियाणा के सभी सांसदों के साथ बैठक की. इसके बाद उन्होंने पीएम मोदी से मुलाकात की. पीएम से मिलने के बाद नायब सैनी गृहमंत्री अमित शाह से भी मिले. गृहमंत्री से मुलाकात के बाद सीएम नायब सैनी ने बताया कि 24 नवंबर को अमित शाह हरियाणा आ रहे हैं.

पीएम मोदी से मुलाकात के बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा “मैं प्रधानमंत्री को धन्यवाद देने आया था. हरियाणा में हमारे दो बड़े कार्यक्रम थे. पहला गुरु तेग बहादुर जी का 350वां शहीदी दिवस और दूसरा गीता जयंती महोत्सव. दोनों कार्यक्रमों के लिए प्रधानमंत्री के हरियाणा दौरे से हमारी शान बढ़ी है. इसलिए हमने प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया है.

गृह मंत्री अमित शाह के संसद में भाषण पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा “विपक्ष सिर्फ गलत प्रचार करता है और देश को गुमराह करने का काम करता है. विपक्ष के पास कोई मुद्दे नहीं हैं. अमित शाह ने लोकसभा के अंदर इस मामले पर बात की. कांग्रेस ने अपने जन्म से लेकर अब तक क्या-क्या गतिविधियां की हैं, कैसे उन्होंने लोकतंत्र को दबाने का काम किया है. उन्होंने उनका पूरा DNA सामने रखा है.”

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बयान पर सीएम नायब सैनी ने कहा “अगर आप PM मोदी का विरोध करते हैं, तो उन योजनाओं के मुद्दों पर करें, जिन्हें आपने अपने कार्यकाल में अच्छे से लागू किया था, लेकिन उनके पास बताने के लिए एक भी योजना नहीं है. विकास की बात करें और देश के सामने अपना विज़न पेश करें. वोट चोरी के मुद्दे पर, एक पढ़े-लिखे इंसान से लेकर ग्रामीण पृष्ठभूमि के व्यक्ति तक, हर कोई उन पर हंस रहा है.” अंत में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि “24 नवंबर को गृहमंत्री अमित शाह हरियाणा आएंगे.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *